समस्तीपुर में साइबर डीएसपी ने बच्चों संग मनाई दीपावली, उपहार बांटकर साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
Samastipur Cyber DSP: समस्तीपुर में एक सामाजिक संस्था ने झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों संग दीपावली मनाई, जहां साइबर डीएसपी दुर्गेश कुमार ...और पढ़ें

शहर के बहादुरपुर में बच्चों के साथ साइबर डीएसपी व अन्य। फोटो: जागरण
HighLights
सामाजिक संस्था ने जरूरतमंद बच्चों संग दीपावली मनाई।
साइबर डीएसपी ने बच्चों को साइबर सुरक्षा सिखाई।
शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सुरक्षा पर जोर दिया गया।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Cyber DSP: दीपावली के अवसर पर समस्तीपुर में एक सामाजिक संस्था की ओर से झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के बीच उपहार सामग्री और मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियां साझा की गईं।
समस्तीपुर कॉलेज के एनएसएस और एनसीसी के पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा संचालित संस्था की ओर से मिशन शिक्षादान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित पाठशालाओं के बच्चों के बीच उपहार वितरित किए गए।
इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी दीपावली की खुशियों से जोड़ना था।
शिक्षा और संस्कार का संदेश
इस अवसर पर पाठशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में साइबर पुलिस उपाधीक्षक दुर्गेश कुमार शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्था के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. सौमेंदु मुखर्जी, डॉ. सुष्मिता और समाजसेवी राहुल कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
साइबर पुलिस उपाधीक्षक दुर्गेश कुमार ने बच्चों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने तथा इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच
डॉ. सौमेंदु मुखर्जी ने शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
डॉ. सुष्मिता ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को भी समान अवसर और सकारात्मक माहौल मिलना चाहिए। इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे आने की जरूरत है।
समाजसेवी राहुल कुमार ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने में है। जरूरतमंद बच्चों के बीच दीपावली की खुशियां साझा करना सराहनीय पहल है। ऐसे सामाजिक प्रयासों से बच्चों में अपनापन, आत्मविश्वास और समाज के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।
बच्चों के विकास की पहल
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष अमरजीत कुमार ने कहा कि द उम्मीद का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और सामाजिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
आर्थिक परिस्थितियों के कारण कोई बच्चा त्योहार की खुशियों से वंचित नहीं रहे, इसी सोच के साथ यह पहल की गई है।
रंगोली से साइबर सुरक्षा
कार्यक्रम में दीपावली के पारंपरिक उत्सव के साथ डिजिटल जागरूकता का संदेश भी दिया गया। संस्था की टीम ने साइबर सुरक्षा विषय पर आकर्षक रंगोली बनाकर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन सतर्कता और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।
टीम की सदस्य सोनाली, अनुष्का, प्रियंका और पूजा ने रंगों के माध्यम से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश प्रस्तुत किया।
इस दौरान अतिथियों ने बच्चों के बीच दीपावली की उपहार सामग्री और मिठाइयां वितरित कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
यह भी पढ़ें- त्योहारों के मौसम में बढ़ सकते हैं डिजिटल ठगी के मामले, साइबर सुरक्षा कंपनी ने चेताया