समस्तीपुर में छठ से पहले मातम, बीआरबी कॉलेज और रोसड़ा में डूबे दो किशोर, तलाश जारी
Samastipur Chhath Ghat Accident: समस्तीपुर में छठ महापर्व से पहले दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शहर ...और पढ़ें

लगातार खोजबीन के बावजूद अभी तक दोनों में से किसी का पता नहीं चल पाया है।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Chhath Ghat Accident: जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ से पहले दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
शहर के बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट के तालाब और रोसड़ा में बूढ़ी गंडक नदी में शुक्रवार को दो किशोर डूब गए।
दोनों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार खोजबीन कर रही है, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटनाओं के बाद दोनों जगहों पर लोगों की भीड़ जुट गई है।
बीआरबी कॉलेज घाट में डूबा गोलू
शहर के बीआरबी कॉलेज स्थित छठ घाट के तालाब में डूबे किशोर की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुईधारा मोहल्ला, वार्ड संख्या 40 निवासी रामू दास के 16 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि वह बीआरबी कॉलेज छठ घाट स्थित तालाब में स्नान करने आया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की। हालांकि, लगातार खोजबीन के बावजूद अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।
रोसड़ा में स्नान करने आया था अविनाश
दूसरी घटना रोसड़ा में बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट के निकट हुई। यहां 11 वर्षीय बालक अविनाश कुमार नदी में डूब गया। वह थाना क्षेत्र के शहियार बुर्ज निवासी अजय राम का पुत्र है।
बताया गया कि अविनाश अपनी व्रती मां के साथ स्नान करने आया था। इसी दौरान वह नदी में डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ अंचलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश जारी है। दोनों घटनाओं के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।