रणबीर कपूर की 'रामायण' में राम-लक्ष्मण का कवच है बेहद खास, समस्तीपुर के अजय ने लकड़ी और जूट से किया तैयार
समस्तीपुर के अजय कुमार ने रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण: पार्ट-1' में भगवान राम और लक्ष्मण के लिए विशेष कवच डिजाइन किए हैं।

फिल्म 'रामायण' के लिए विशेष कवच तैयार करने वाले कॉस्ट्यूम एवं आर्मर डिजाइनर अजय कुमार।
HighLights
समस्तीपुर के अजय कुमार ने बॉलीवुड में बनाई पहचान।
'रामायण' फिल्म में रणबीर कपूर के लिए कवच डिजाइन किया।
'पद्मावत' के लिए 2018 में स्टार स्क्रीन अवॉर्ड जीता।
प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। प्रतिभा और मेहनत के दम पर समस्तीपुर के अजय कुमार ने मायानगरी मुंबई में पहचान बनाई है। मुसरीघरारी क्षेत्र के उदापट्टी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामविलास पासवान के पुत्र अजय बॉलीवुड में कॉस्ट्यूम डिजाइनर हैं।
उनके बड़े भाई डॉ. संजय कुमार डीएमसीएच में चिकित्सक हैं। अब वह रणबीर कपूर और यश अभिनीत फिल्म 'रामायण : पार्ट-1' (Ramayana Film) को लेकर चर्चा में हैं।
फिल्म में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और लक्ष्मण बने रवि दुबे (Ravi Dubey) के लिए उन्होंने विशेष कवच तैयार किए हैं।

अजय के मुताबिक, कवच को भव्य दिखने के साथ कलाकारों के लिए आरामदायक बनाना बड़ी चुनौती थी। फिल्म के एक्शन दृश्यों को ध्यान में रखते हुए इसकी अंदरूनी पैडिंग पर विशेष ध्यान दिया गया। असम के पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों की मदद ली गई।
अजय ने जवाहर नवोदय विद्यालय, बिरौली से पढ़ाई के बाद गांधीनगर स्थित निफ्ट से फैशन डिजाइनिंग की शिक्षा ली है। गांव से निकलकर बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों तक पहुंचा अजय का सफर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग के लिए 2018 में मिला स्टार स्क्रीन अवॉर्ड
मुंबई में अजय का सफर 'ओ माय फ्रेंड गणेशा-4' से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने टीवी सीरियल 'हर-हर महादेव' में काम किया। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'रामलीला' में उन्हें प्रशिक्षु के रूप में काम करने का अवसर मिला। फिर कैटरीना कैफ और सैफ अली खान अभिनीत फिल्म 'फैंटम' में कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग की जिम्मेदारी संभाली।
'बाजीराव मस्तानी' उनके करियर का अहम पड़ाव बनी। अजय के अनुसार, 20 अगस्त 2012 को भंसाली प्रोडक्शन से फोन आया और फिल्म में काम करने का प्रस्ताव मिला। मुख्य किरदारों को छोड़कर अन्य कलाकारों, नर्तकों और योद्धाओं की वेशभूषा तैयार करने की जिम्मेदारी उन्हें दी गई।
भंसाली ने शुरुआत में अपनी बात रखने के लिए पांच मिनट दिए थे, लेकिन कॉस्ट्यूम डिजाइन पर चर्चा करीब तीन घंटे चली। बाद में उन्हें 'पद्मावत' में भी काम करने का अवसर मिला।
इस फिल्म के लिए बेहतर कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग पर मुंबई में आयोजित स्टार स्क्रीन अवॉर्ड प्रतियोगिता में वर्ष 2018 में उन्हें सम्मानित किया गया।
मिथिलांचल के जुड़ाव ने रामायण से जोड़ा भावनात्मक रिश्ता
मिथिलांचल से गहरा जुड़ाव रखने वाले अजय के लिए रामायण आस्था और भावनाओं से जुड़ी है। वे बताते हैं कि बचपन में ब्लैक एंड व्हाइट टेलीविजन पर राम विवाह देखा करते थे। तब कल्पना नहीं थी कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही रामायण फिल्म का हिस्सा बनेंगे। अब इससे जुड़कर उन्हें गर्व और खुशी है।
फिल्म में अजय ने सेकेंडरी कॉस्ट्यूम डिजाइनर और आर्मर यानी कवच डिजाइनर की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने राम, लक्ष्मण और रावण समेत विभिन्न पात्रों के कवच और युद्ध वेशभूषा तैयार करने में योगदान दिया। राम और लक्ष्मण के विशेष कवच सरपाटा केन, जूट और लकड़ी से बनाए गए।
इसके लिए अजय अपनी टीम के साथ असम पहुंचे और स्थानीय कारीगरों के सहयोग से प्राकृतिक सामग्रियों को पारंपरिक शिल्प और आधुनिक डिजाइन तकनीक से जोड़ा। उनके मुताबिक, ये कवच स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और रचनात्मकता का संगम हैं।
यह भी पढ़ें- पेंटर के बेटे ने गांव में बैठ रची Ramayana की जादुई दुनिया, Brahmastra और Kalki में भी दिखा चुके टैलेंट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।