विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर रेल मंडल के 12 स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट, छठ पर स्टेशनों पर भीड़ रोकने की तैयारी

Published: Tue, 03 Nov 2026 04:28 PM (IST)

समस्तीपुर रेल मंडल ने छठ महापर्व के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष तैयारी की है।

समस्तीपुर रेल मंडल

समस्तीपुर रेल मंडल 

HighLights

  1. 12 स्टेशनों पर 12-25 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट बंद।

  2. छठ महापर्व पर यात्रियों की भीड़ नियंत्रित करने का लक्ष्य।

  3. 13 स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। छठ महापर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल ने विशेष तैयारी की है। इसके तहत मंडल के एनएसजी-2 और एनएसजी-3 श्रेणी के स्टेशनों पर 12 नवंबर से 25 नवंबर तक प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री बंद रहेगी। इस अवधि में प्लेटफार्म पर केवल ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को ही प्रवेश देने की व्यवस्था रहेगी। 

रेलवे का मानना है कि प्लेटफार्म टिकट की बिक्री बंद रहने से यात्रियों के साथ आने वाले अनावश्यक लोगों की भीड़ कम होगी। इससे प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज और स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। मंडल रेल प्रवक्ता आरके सिंह ने बताया कि भीड़ प्रबंधन को लेकर यह निर्णय लिया गया है।

12 स्टेशनों पर लागू होगी व्यवस्था

रेलवे की नई श्रेणीकरण सूची के अनुसार समस्तीपुर रेल मंडल के तीन स्टेशन एनएसजी-2 श्रेणी में शामिल हैं। इनमें समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर स्टेशन शामिल हैं। 

वहीं एनएसजी-3 श्रेणी में नौ स्टेशन हैं। इनमें सहरसा, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सकरी, रक्सौल, बेतिया, मधुबनी, नरकटियागंज और सीतामढ़ी स्टेशन शामिल हैं। इन सभी 12 स्टेशनों पर निर्धारित अवधि तक प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री बंद रखने की व्यवस्था की गई है। 

छठ के दौरान दूसरे प्रदेशों से घर आने और पर्व समाप्त होने के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के अलावा उन्हें छोड़ने और लेने आने वाले लोगों की भीड़ भी बढ़ जाती है।

पिछले वर्ष 13 दिनों में 28.67 लाख यात्रियों ने किया था सफर

छठ के बाद यात्रियों की वापसी के दौरान समस्तीपुर रेल मंडल में पिछले वर्ष भी भारी भीड़ दर्ज की गई थी। मंडल की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 28 अक्टूबर से लगातार 13 दिनों के दौरान कुल 28 लाख 67 हजार 23 यात्रियों ने बाहर की यात्रा की थी। 

इनमें आरक्षित श्रेणी के 3 लाख 51 हजार 618 और सामान्य टिकट पर यात्रा करने वाले 25 लाख 15 हजार 405 यात्री शामिल थे। वर्ष 2024 की इसी अवधि में कुल 23 लाख 90 हजार 608 यात्रियों ने सफर किया था। इस प्रकार पिछले वर्ष यात्रियों की संख्या में 4 लाख 76 हजार 415 की वृद्धि दर्ज की गई थी। 

सामान्य टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रही। यही वजह है कि इस बार रेलवे ने भीड़ प्रबंधन को लेकर पहले से ही व्यापक इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

13 स्टेशनों पर 50 लाख की लागत से बनेंगे होल्डिंग एरिया

प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री बंद करने के साथ ही रेलवे ने यात्रियों को नियंत्रित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाने के लिए अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाने की योजना तैयार की है। समस्तीपुर रेल मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों पर करीब 50 लाख रुपये की लागत से 88 हजार 650 वर्गफीट में होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं। 

इनमें समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधुबनी, सकरी, जयनगर, रक्सौल, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया कोर्ट, ललितग्राम, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया स्टेशन शामिल हैं। इन होल्डिंग एरिया को 16 से 25 नवंबर तक प्रभावी रखने की तैयारी है।

पहले होल्डिंग एरिया में रुकेंगे यात्री, फिर प्लेटफार्म पर मिलेगा प्रवेश

होल्डिंग एरिया में यात्रियों को ट्रेन के आने तक व्यवस्थित तरीके से इंतजार कराया जाएगा। ट्रेन के आगमन और प्लेटफार्म पर जगह उपलब्ध होने के बाद यात्रियों को समूहों में प्लेटफार्म पर भेजा जाएगा। इससे एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के प्लेटफार्म पर पहुंचने से होने वाली अव्यवस्था को रोकने में मदद मिलेगी। 

इन अस्थायी क्षेत्रों में पेयजल, ट्रेन उद्घोषणा, मेडिकल बूथ और सहायता केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है। रेलवे का उद्देश्य छठ के दौरान यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ ही भगदड़ जैसी अप्रिय घटनाओं की आशंका को कम करना और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर: 5 नवंबर तक हर रोज बंद रहेगा विद्यापतिधाम-मोहिउद्दीननगर रेलवे फाटक, नोट कर लें ऑप्शनल रूट 


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।