शराब के नशे में महिला सिपाही का दबाया गला, समस्तीपुर पुलिस टीम पर हमला करने वाले 2 शराबी गिरफ्तार
रोसड़ा के सिनेमा चौक पर गश्ती के दौरान पुलिस टीम पर हमला और महिला सिपाही का गला दबाने के आरोप ...और पढ़ें

पुलिस टीम पर हमला करने वाले 2 शराबी गिरफ्तार (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
रोसड़ा में गश्ती दल पर शराबियों का हमला, दो गिरफ्तार।
महिला सिपाही का गला दबाने का प्रयास, पुलिसकर्मी घायल।
सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट का आरोप दर्ज।
संवाद सहयोगी, रोसड़ा। शहर के सिनेमा चौक पर गश्ती के दौरान पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं,एक युवक मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुअनि राहुल कुमार के बयान पर दर्ज कराए गए प्राथमिकी में युवकों पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने तथा महिला सिपाही का गला दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इस दौरान सशस्त्र बल के सिपाही को भी गंभीर चोटें आना बताया गया है।
राहगीरों को परेशान कर रहा था बाइक सवार
घटना का समय दीपावली 8 नवंबर की रात करीब दो बजे की बताते हुए कहा है कि गश्ती के दौरान सिनेमा चौक पर एक बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक आपस में गाली-गलौज और हंगामा करते हुए राहगीरों को भी परेशान कर रहे थे।
पुलिस टीम ने द्वारा रोकने का प्रयास करते ही तीनों युवक पुलिसकर्मियों के साथ ही उलझ गए।युवकों द्वारा महिला सिपाही के साथ अभद्र व्यवहार करते गला दबाने का प्रयास के कारण वह अचेत होकर गिर पड़ीं।
पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा बुलेट लेकर फरार हो गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की, जिसमें एक सिपाही को भी गंभीर चोटें आना बताया जाता है।
पकड़े गए युवकों की पहचान कटहरबन्नी वार्ड संख्या-15 निवासी विजय ठाकुर के पुत्र विवेक ठाकुर (25) और सुंदरम कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों युवकों की मेडिकल जांच कराई। दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि के पश्चात पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा में कराया गया।
प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के अनुसार, सरकारी कार्य में बाधा डालने,पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और महिला सिपाही के साथ जानलेवा हमला करने के आरोप में दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। फरार बुलेट सवार तीसरे युवक की तलाश जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।