छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, समस्तीपुर में दिल दहला देने वाली वारदात
समस्तीपुर में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक मां ने प्रसाद जूठा करने पर अपनी चार वर्षीय बेटी को पीट-पीटकर मार डाला।

छठ का प्रसाद जूठा करने पर बिहार में मां ने बेटी को मार डाला। (सोशल मीडिया)
HighLights
मां ने छठ प्रसाद जूठा करने पर बेटी को पीटा।
चार वर्षीय मासूम सुहानी कुमारी की पिटाई से मौत हुई।
पुलिस ने आरोपी मां रीना कुमारी को हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है।
पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा कर देने से नाराज मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपित मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की पुत्री सुहानी कुमारी के रूप में हुई है।
प्रसाद जूठा करने पर मासूम पर बरपा मां का कहर
बच्ची के पिता राजू पासवान ने पुलिस को बताया कि छठ पूजा को लेकर परिवार के सदस्य घर के समीप घाट बनाने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी।
इसी बीच छोटी बेटी सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया। इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मां ही उसे लेकर निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत से पिता का उजड़ गया संसार
चार वर्षीय सुहानी की मौत से पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में छठ की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
पिता ने व्यथित मन से कहा कि ऐसी पूजा का क्या फायदा, जब उनकी बेटी ही इस दुनिया में नहीं रही। उन्होंने पत्नी को कठोर सजा दिलाने की मांग की। राजू ने कहा कि अब उन्हें ऐसी पत्नी की जरूरत नहीं है।
वह अपने बच्चों का पालन-पोषण अकेले कर लेंगे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सात वर्षीय बेटी शिवानी, चार वर्षीय सुहानी और डेढ़ वर्षीय बेटा राजा कुमार शामिल हैं।
हिरासत में आरोपित मां, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मदपुर बिरौली गांव में चार वर्षीय बच्ची की मौत की सूचना मिली थी। मामले में आरोपित मां को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर के 3 अलग-अलग घाटों पर मची चीख-पुकार, छठ पूजा के दौरान पोखर में डूबने से 3 युवकों की गई जान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।