विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिथिलांचल के रेल यात्रियों को बड़ी राहत, दरभंगा सीतामढ़ी के बीच 64 किमी में बिछेगी दूसरी लाइन

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:17 PM (IST)

समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर 64.45 किलोमीटर लंबी दूसरी रेल लाइन बिछाने का कार्य 173.23 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो रहा है। यह परियोजना ट्रेनों के परिचालन को सुगम बनाएगी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर दूसरी लाइन बिछाने का कार्य शुरू।

  2. 173.23 करोड़ की लागत से 64.45 किमी ट्रैक निर्माण।

  3. ट्रेनों का परिचालन सुगम होगा, क्षमता में वृद्धि।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । समस्तीपुर रेल मंडल के दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन को सुगम बनाने और रेल यातायात क्षमता बढ़ाने की दिशा में दोहरीकरण परियोजना के तहत दूसरी रेल लाइन बिछाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।

दरभंगा से सीतामढ़ी के बीच 64.45 किलोमीटर रेलखंड में दूसरी लाइन बिछाने के लिए करीब 173.23 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। इसके तहत दरभंगा स्टेशन और सीतामढ़ी स्टेशन को छोड़कर दोनों के बीच रेलखंड में ट्रैक निर्माण किया जाएगा।

दूसरी रेल लाइन बनने से इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा, जिससे एकल लाइन पर ट्रेनों के परिचालन का दबाव कम होगा।

क्रॉसिंग के कारण ट्रेनों को नहीं करना पड़ेगा इंतजार

वर्तमान में एकल रेल लाइन होने के कारण इस रेलखंड पर विपरीत दिशा से आने वाली ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए विभिन्न स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ता है। दोहरीकरण होने के बाद दोनों दिशाओं में ट्रेनों के परिचालन के लिए अलग-अलग रेल लाइन उपलब्ध होगी।

इससे ट्रेनों को क्रॉसिंग के लिए रोकने की जरूरत कम होगी और परिचालन अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रेनों के समय पालन में सुधार होने की उम्मीद है। रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने की स्थिति में भी दोहरी लाइन परिचालन के दबाव को कम करने में सहायक होगी।

यात्री और माल परिवहन को मिलेगा फायदा

दरभंगा-सीतामढ़ी रेलखंड मिथिलांचल के महत्वपूर्ण रेल मार्गों में शामिल है। इस रेलखंड के दोहरीकरण से यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के परिचालन को भी सहूलियत मिलेगी। अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध होने से भविष्य में नई ट्रेनों के परिचालन और मौजूदा ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

इससे दरभंगा, सीतामढ़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। रेलखंड पर बढ़ती यात्री आवाजाही और परिचालन जरूरतों को देखते हुए दोहरीकरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रतिदिन 9 नियमित ट्रेनों का होता है परिचालन

वर्तमान में दरभंगा–सीतामढ़ी रेलखंड पर प्रतिदिन 9 नियमित ट्रेनों का परिचालन होता है। इनमें 7 लोकल पैसेंजर ट्रेनें और 2 एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा इस रेलखंड से लंबी दूरी की 18 साप्ताहिक ट्रेनों का भी परिचालन होता है।

एकल रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों के परिचालन में क्रॉसिंग के लिए विभिन्न स्टेशनों पर इंतजार करना पड़ता है। रेलखंड के दोहरीकरण से ट्रेनों के परिचालन के लिए अतिरिक्त लाइन उपलब्ध होगी, जिससे परिचालन क्षमता बढ़ने के साथ ट्रेनों के आवागमन में सहूलियत होगी और भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

2020 में रेलवे बोर्ड ने भेजा था प्रस्ताव

दरभंगा–सीतामढ़ी रेलखंड के दोहरीकरण की योजना को लेकर रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2020 में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद अक्टूबर 2024 में केंद्र सरकार ने नरकटियागंज–रक्सौल–सीतामढ़ी–दरभंगा तथा सीतामढ़ी–मुजफ्फरपुर रेलखंडों के दोहरीकरण की व्यापक परियोजना को मंजूरी दी।

करीब 256 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 4553 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। जून 2025 में रेलवे ने इस परियोजना को विशेष रेल परियोजना घोषित किया। इसके बाद सितंबर 2025 में भूमि अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारियों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की गई।

मई 2026 में सर्वे पूरा होने के बाद डीपीआर तैयार करने और आगे निर्माण प्रक्रिया बढ़ाने की योजना थी। नवंबर 2026 में दरभंगा–सीतामढ़ी रेलखंड के 64.45 किलोमीटर हिस्से में ट्रैक निर्माण के लिए 173.23 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- जनकपुर से अयोध्या तक सीधी ट्रेन, शिशो-दरभंगा और सीतामढ़ी के यात्रियों की भी बल्ले-बल्ले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।