विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के नौ CHC में जल्द खुलेंगी ब्लड स्टोरेज यूनिट, मरीजों को नहीं दौड़ना होगा शहर

Published: Wed, 04 Nov 2026 03:31 PM (IST)

समस्तीपुर जिले के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में जल्द ही ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होंगी, जिससे मरीजों को रक्त के लिए सदर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।

समस्तीपुर सदर अस्पताल

समस्तीपुर सदर अस्पताल

HighLights

  1. नौ सीएचसी में ब्लड स्टोरेज यूनिट होंगी शुरू।

  2. मरीजों को रक्त के लिए शहर नहीं जाना होगा।

  3. मातृत्व मृत्यु दर घटाने में मिलेगी मदद।

प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में जल्द ही ब्लड स्टोरेज यूनिट (बीएसयू) शुरू की जाएगी। यूनिट शुरू होने से प्रखंड में इलाज करा रहे मरीजों को रक्त के लिए सदर अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यहां विभिन्न ब्लड ग्रुप का रक्त सुरक्षित रखा जाएगा। 

सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत शुरू की जा रही इस सुविधा का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना और थैलेसीमिया, डेंगू, दुर्घटना तथा जटिल प्रसव के मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। 

स्वास्थ्य कर्मियों को ब्लड चढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया गया

चयनित केंद्रों में यूनिट स्थापित करने के लिए उपकरणों की आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 15 दिन पहले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को ब्लड चढ़ाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। 

सीएचसी में यूनिट शुरू होने से सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों और प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से जूझने वाली महिलाओं को विशेष लाभ होगा। 

फिलहाल रक्त की जरूरत पर मरीजों के स्वजन को समस्तीपुर शहर के ब्लड बैंक या अन्य अस्पतालों तक जाना पड़ता है। इससे इलाज में देरी के साथ आर्थिक और मानसिक परेशानी भी होती है।

चिकित्सकों और लैब टेक्नीशियन को मिला प्रशिक्षण

स्वास्थ्य विभाग ने यूनिटों के संचालन की तैयारी शुरू कर दी है। सदर अस्पताल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें सीएचसी के चिकित्सा पदाधिकारियों और लैब टेक्नीशियनों ने भाग लिया। प्रत्येक केंद्र से एक चिकित्सक और एक लैब टेक्नीशियन को प्रशिक्षित किया गया। उन्हें यूनिट संचालन, रक्त के सुरक्षित भंडारण और मरीजों को जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध कराने की तकनीकी जानकारी दी गई।

इन केंद्रों में ब्लड स्टोरेज यूनिट खोलने की तैयारी

खानपुर, कल्याणपुर, सरायरंजन, विभूतिपुर, मोरवा, मोहनपुर, मोहिउद्दीनगर, विद्यापतिनगर और बिथान सीएचसी में यूनिट खोलने की प्रक्रिया चल रही है। इससे गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान रक्त की कमी के कारण रेफर करने की मजबूरी कम होगी और मातृत्व मृत्यु दर घटाने में मदद मिलेगी। दुर्घटना, सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों में आपात सेवाएं भी मजबूत होंगी।

मातृत्व मृत्यु दर में भी आएगी कमी

सीएचसी स्तर पर ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित होने से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान रक्त की कमी के कारण रेफर करने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे मातृत्व मृत्यु दर कम करने में भी मदद मिलेगी। दुर्घटना, सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों के मामलों में भी आपातकालीन सेवाएं मजबूत होंगी।

सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में ब्लड स्टोरेज यूनिट संचालित की जाएगी। जिले में योजना को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे रक्त की उपलब्धता बढ़ेगी और उसकी गुणवत्ता व सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। - डॉ. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर रेल मंडल के 12 स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट, छठ पर स्टेशनों पर भीड़ रोकने की तैयारी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।