समस्तीपुर में ऑनलाइन मीटिंग में अधिकारियों से भिड़े डाक निरीक्षक, तत्काल प्रभाव से किए गए निलंबित
समस्तीपुर डाक प्रमंडल के डाक निरीक्षक विक्की कुमार को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उच्चाधिकारियों से अमर्यादित व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

डाक प्रमंडल के डाक निरीक्षक विक्की कुमार।
HighLights
डाक निरीक्षक विक्की कुमार ऑनलाइन मीटिंग में अभद्रता पर निलंबित।
उच्चाधिकारियों से अमर्यादित भाषा प्रयोग का आरोप लगा।
डाक अधीक्षक राबिन चंद्र ने की निलंबन की कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । समस्तीपुर डाक प्रमंडल के पूर्वी अनुमंडल के डाक निरीक्षक विक्की कुमार को विभागीय अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
आनलाइन वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौरान उच्चाधिकारियों के साथ कथित तौर पर अमर्यादित व्यवहार करने और असंसदीय भाषा का प्रयोग करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
डाक अधीक्षक राबिन चंद्र ने निलंबन की कार्रवाई की है। वहीं, पूर्वी अनुमंडल का अतिरिक्त प्रभार पश्चिमी अनुमंडल के डाक निरीक्षक को सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, विभाग की ओर से आयोजित आनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग में समस्तीपुर डाक प्रमंडल के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी जुड़े हुए थे। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की जा रही थी।
इसी दौरान पूर्वी अनुमंडल के डाक निरीक्षक विक्की कुमार पर उच्चाधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार करने और कथित तौर पर असंसदीय शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगा। बैठक में मौजूद अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर असहज स्थिति उत्पन्न हो गई।
बैठक के दौरान हुए इस व्यवहार को विभागीय अनुशासन और सेवा आचरण के प्रतिकूल माना गया। सूत्रों के अनुसार, डाक निरीक्षक विक्की के कार्य व्यवहार को लेकर पहले से भी शिकायतें मिल रही थीं।
उन पर आम लोगों के साथ उचित व्यवहार नहीं करने और विभागीय कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए जा रहे थे।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान हुई घटना के बाद मामला विभागीय स्तर पर गंभीरता से लिया गया। साथ ही निलंबन अवधि में मुख्यालय पूर्वी अनुमंडल में ही निर्धारित किया गया है। साथ ही निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही आरोप पत्र अलग से निर्गत किया जाएगा।