विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में एक लाख के बदले चार लाख का ऑफर! पुलिस ने दबोचा तो बैग से निकले 19.98 लाख रुपये

Published: Fri, 30 Oct 2026 08:15 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के एक युवक को 19.98 लाख रुपये ...और पढ़ें

जब्त नोटों की गड्डियां एवं गिरफ्तार आरोपित के साथ पुलिस अधिकारी। सौ. पुलिस

जब्त नोटों की गड्डियां एवं गिरफ्तार आरोपित के साथ पुलिस अधिकारी। सौ. पुलिस

HighLights

  1. हरसिद्धि में 19.98 लाख रुपये के साथ युवक गिरफ्तार।

  2. गिरफ्तार रोहित शाही नकली नोटों के कारोबार से जुड़ा।

  3. बेतिया में छापेमारी, अशोक मिश्रा के घर से कारतूस मिले।

संवाद सहयोगी, हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र स्थित अरेराज-मोतिहारी मुख्य पथ पर मानिकपुर चौक के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक को 19 लाख 98 हजार 500 भारतीय रुपयों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके बैग से 500 रुपये के नोटों की 40 गड्डियां मिली हैं।

हालांकि फार्च्यूनर और टाटा नेक्सान कार में सवार उसके अन्य साथी फरार हो गए। गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरहलगंज थानाक्षेत्र के बरहलगंज निवासी हरेराम शाही के पुत्र रोहित कुमार शाही (35) के रूप में की गई है।

कार्रवाई की बाबत शुक्रवार को अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस के डायल 112 की टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर की फार्च्यूनर और टाटा नेक्सन में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की ओर जा रहे हैं।

उनके नकली नोटों के कारोबार से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हरसिद्धि के मानिकपुर चौक पर जांच के दौरान फार्च्यूनर तेजी से निकल गई। उसके पीछे आ रही टाटा नेक्सान को रोकने पर एक व्यक्ति बैग लेकर भागा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। नेक्सान लेकर उसपर सवार लोग फरार हो गए।

नकली नोट का धंधा करनेवाले गिरोह से जुड़े होने की आशंका

रोहित ने बरामद रुपयों के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उसके मोबाइल में सोनू सिंह नामक व्यक्ति के साथ नकली नोटों को लेकर चैट मिली।

रीसायकल बिन में एक ही नंबर के पांच नोटों की तस्वीर भी मिली, जो प्रथम दृष्टया नकली नोटों से संबंधित बताई गई। पूछताछ और मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस गिरोह के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।

गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी

पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं और बिहार में असली नोटों के बदले चार गुना नकली नोट देने का झांसा देते थे। एक लाख रुपये के बदले चार लाख रुपये के नकली नोट देने की बात सामने आई है।

पुलिस नकली नोट खपाने के स्थानों और नेटवर्क में शामिल लोगों की जांच कर रही है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक मुनीर आलम, हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, पुलिस पदाधिकारी रितुराज जायसवाल, प्रीतम कुमार , ब्रह्मदेव पासवान सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

बेतिया बानूछापर में अशोक मिश्रा के घर छापेमारी

मोतिहारी और बेतिया में छापेमारी के क्रम में पुलिस की टीम ने बेतिया के बानूछापर थानाक्षेत्र के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा के घर से 350 बोर के 10 जिंदा कारतूस मिले।

छापेमारी के वक्त अशोक फरार था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, उस पर नकली नोटों के कारोबार से जुड़े करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के बंदरा में सर्वे अमीन का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई, संविदा समाप्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।