मुजफ्फरपुर के बंदरा में सर्वे अमीन का रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई, संविदा समाप्त
मुजफ्फरपुर के बंदरा प्रखंड में सर्वे कार्य के नाम पर पैसे लेने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने ...और पढ़ें

सर्वे अमीन का रुपये लेते वीडियो प्रसारित l वीडियो ग्रैब
HighLights
बंदरा में सर्वे अमीन का रिश्वत लेते वीडियो वायरल।
रमण कुमार की संविदा सेवा तत्काल समाप्त की गई।
भू-अभिलेख निदेशालय ने नियमावली के तहत की कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, बंदरा (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur News: जिले के बंदरा प्रखंड में सर्वे कार्य के नाम पर रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
इस मामले में विशेष सर्वेक्षण अमीन रमण कुमार की संविदा सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, पटना की ओर से यह सख्त आदेश जारी किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से महकमे में हड़कंप मच गया है।
क्या था पूरा मामला?
यह पूरा मामला बंदरा प्रखंड के नूनफरा पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित मोहनपुर का है। गत 8 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया पर विशेष सर्वेक्षण अमीन का रुपये लेते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था।
हालांकि, उस वीडियो में लेन-देन का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं था, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने इस गंभीर मामले का संज्ञान लिया। एएसओ सुभाष कुमार ने तुरंत अमीन से इस संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया था।
जवाब न देना पड़ा भारी
मामला गंभीर होने के बाद बंदोबस्त पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर ने उच्च स्तर पर कठोर कार्रवाई की अनुशंसा भेजी थी। इसके बाद निदेशालय ने भी अमीन से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन आरोपी अमीन की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। वरीय अधिकारियों के आदेश की इस अवहेलना को विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया।
नियमावली के तहत हुई कार्रवाई
भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय ने 'बिहार विशेष सर्वेक्षण मानदेय आधारित संविदा नियोजन नियमावली, 2019' और संशोधित नियमावली, 2022 की कंडिका 8(4) के तहत अमीन की संविदा समाप्त कर दी है।
विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विशेष सर्वेक्षण जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध कार्यों में निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूरी ईमानदारी का होना अनिवार्य है।
इस तरह के कृत्यों से पूरे सर्वे कार्य की प्रतिष्ठा धूमिल होती है। इस कड़े आदेश की प्रति बंदोबस्त पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर को भी भेज दी गई है।
यह भी पढ़ें- बिहार के 500 से अधिक सरकारी शिक्षकों की जाएगी नौकरी, अप्रशिक्षितों की सेवा समाप्ति प्रक्रिया शुरू