विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की मिट्टी से निकलकर दिल्ली में लगाया सटीक निशाना! समस्तीपुर के अमरजीत गुप्ता ने नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:19 PM (IST)

समस्तीपुर के गढ़सिसई गांव के अमरजीत गुप्ता ने 69वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने नई दिल्ली में पंजाब के राजवीर सिंह सेखों को एक अंक से हराकर बिहार का मान बढ़ाया।

समस्तीपुर के अमरजीत गुप्ता ने नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड (सौ. जागरण)

समस्तीपुर के अमरजीत गुप्ता ने नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड (सौ. जागरण)

HighLights

  1. अमरजीत गुप्ता ने 69वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी में स्वर्ण पदक जीता।

  2. उन्होंने पंजाब के राजवीर सिंह सेखों को एक अंक से हराया।

  3. बिहार के लिए यह दूसरा राष्ट्रीय निशानेबाजी स्वर्ण पदक है।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। गांव की प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेरी है। विद्यापतिनगर प्रखंड के गढ़सिसई गांव निवासी अरुण कुमार साह के पुत्र अमरजीत गुप्ता ने 69वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर बिहार का मान बढ़ाया है। 

नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता की शॉट गन पीटी-2 सीनियर इंडिविजुअल स्पर्धा में अमरजीत ने 92 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

उन्होंने पंजाब के खिलाड़ी राजवीर सिंह सेखों को महज एक अंक से पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से गढ़सिसई गांव सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर है। 

एक अंक से चूके पंजाब के खिलाड़ी, अमरजीत ने जीता स्वर्ण

 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला बेहद करीबी रहा। अमरजीत गुप्ता ने 92 अंक हासिल किए, जबकि पंजाब के राजवीर सिंह सेखों 91 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 

उत्तर प्रदेश के नवीन हुसैन ने 79 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह महज एक अंक के अंतर से स्वर्ण और रजत पदक का फैसला हुआ। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अमरजीत ने धैर्य बनाए रखा और अपने प्रदर्शन के दम पर शीर्ष स्थान हासिल किया। 

बिहार के दूसरे खिलाड़ी ने हासिल किया स्वर्ण 

69वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले अमरजीत बिहार के दूसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले वर्तमान खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी इस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया था। अमरजीत की इस उपलब्धि से राष्ट्रीय निशानेबाजी में बिहार के खिलाड़ियों की मौजूदगी को नई मजबूती मिली है। संघ के साथ कॉलेज की मित्र का भी मिला सहयोग स्वर्ण पदक जीतने के बाद अमरजीत गुप्ता ने अपनी सफलता के पीछे के संघर्ष और सहयोग के बारे में बताया। 

उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। पंजाब के राजवीर सिंह सेखों से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने प्रदर्शन पर भरोसा बनाए रखा। अमरजीत ने अपनी सफलता का श्रेय बिहार राज्य राइफल संघ को देते हुए कहा कि संघ के पदाधिकारियों ने भी हरसंभव सहयोग किया।

यह भी पढ़ें- कम पढ़े-लिखे हों या ग्रेजुएट, समस्तीपुर में 3000 पदों पर सीधी भर्ती; बिना किसी फीस के होगा सिलेक्शन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।