सहरसा के नवटोलिया में सड़क हादसा, अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से 2 सगे भाइयों की मौके पर मौत
सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुनील यादव के दो मासूम बेटों, ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
सहरसा के नवटोलिया में दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत।
मृतकों की पहचान अनीश (9) और अनुराज (6) के रूप में हुई।
परिवार में मातम, गांव में शोक, पुलिस ने शुरू की जांच।
संवाद सूत्र, सलखुआ (साहरसा)। सलखुआ थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में रविवार की शाम हुए दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गयी।
मृतकों की पहचान नवटोलिया निवासी सुनील यादव के 9 पुत्र वर्षीय अनीश कुमार और 6 वर्षीय पुत्र अनुराज कुमार के रूप में हुई है।
दोनों भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वाहन ने चपेट में लिया
घटना के संबंध में ग्राम पंचायत के मुखिया रणवीर यादव, राजद नेता रतिलाल यादव एवं मृत बच्चों के स्वजनों ने बताया कि रविवार की शाम करीब देर शाम दोनों भाई पूर्वी कोसी तटबंध की ओर से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सुलिस गेट के समीप पूरब दिशा से आ रहे वाहन की चपेट में दोनों भाई आ गये। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गयी। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुअनि धीरेंद्र कुमार ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बताया गया कि सुनील यादव के दो पुत्र और एक पुत्री थी। दोनों पुत्रों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में दोनों मासूम भाइयों की चहक से खुशियां गूंजती थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।
बच्चों की मौत से मां-पिता और अन्य परिजन सदमे में हैं। इधर, दोनों मासूम भाइयों की एक साथ मौत की खबर फैलते ही पूरे नवटोलिया गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। घटना ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया।
