विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा में आधी रात को धू-धू कर जल गईं 2 दुकानें, ₹10 लाख की संपत्ति जलकर राख

Published: Mon, 12 Oct 2026 02:37 PM (GMT+05:30)

सिमरीबख्तियारपुर के मुरली चौक पर आधी रात दो दुकानों में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 10 लाख रुपये का ...और पढ़ें

दुकान में लगी आग बुझाते कर्मचारी। फोटो जागरण

दुकान में लगी आग बुझाते कर्मचारी। फोटो जागरण

HighLights

  1. मुरली चौक पर दो दुकानों में भीषण आग लगी।

  2. डीजे और किराना दुकान में दस लाख का नुकसान।

  3. अग्निशमन टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया।

संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बख्तियापुर थाना क्षेत्र के मुरली चौक स्थित वार्ड संख्या 26 में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि दो दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। अगलगी की इस घटना में एक डीजे दुकान और एक किराना दुकान में रखा सामान पूरी तरह जल गया।

दोनों दुकानदारों को करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे।

हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोगों की कोशिशें नाकाम साबित हुईं और देखते ही देखते आग ने दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

पीड़ित अशोक भगत की डीजे दुकान में रखे डीजे सहित अन्य सामान जलकर राख हो गए। इससे करीब छह लाख रुपये की क्षति का अनुमान है।

वहीं, उनके भाई संतोष भगत की किराना दुकान में रखा सारा सामान जल गया। किराना दुकान में करीब चार लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात बताई जा रही है। घटना के बाद दोनों दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

दीप जलाकर दुकान बंद कर घर गए थे दुकानदार

पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, रविवार की शाम अशोक अपनी दुकानों में पूजा-अर्चना के लिए दीप जलाए थे। इसके बाद दुकान बंद कर दोनों अपने घर चले गए।

आशंका जताई जा रही है कि दीप से ही दुकान में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान जलने लगा।

चौकीदार की तत्परता से समय रहते लोगों को मिली जानकारी

अगलगी की घटना के दौरान बख्तियापुर थाना के चौकीदार दीपनारायण कुमार अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान जब वह मुरली चौक के समीप पहुंचे तो उनकी नजर दुकानों से निकल रहे घने धुएं पर पड़ी।

उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया और आग लगने की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, आग की लपटें तेज होने के कारण उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।

अग्निशमन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

आग लगने की सूचना मिलने पर बख्तियापुर थाना की डायल 112 टीम में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन टीम में सब आफिसर अभितांश कुमार, प्रधान अग्निक अनुराग कुमार, अनिमेष कुमार, चालक दीपक कुमार, अमित कुमार तथा अग्निक दुर्गेश कुमार, मनीष कुमार, प्रवीण कुमार, राहुल कुमार और ममता कुमारी शामिल थे।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास के घरों और दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

यह भी पढ़ें- लखीसराय : किसान के घर से 6.70 लाख और भाजपा नेता के यहां 70 हजार की चोरी; डॉग स्क्वायड से भी नहीं मिला सुराग

यह भी पढ़ें- सिवान में चला प्रशासन का बुलडोजर, चैनपुर बाजार में परेशान दिखे लोग; भारी पुलिस बल तैनात