विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय : किसान के घर से 6.70 लाख और भाजपा नेता के यहां 70 हजार की चोरी; डॉग स्क्वायड से भी नहीं मिला सुराग

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:45 AM (IST)

Lakhisarai Theft : लखीसराय के रामपुर गांव में चोरों ने एक किसान और एक भाजपा नेता के घर से कुल ...और पढ़ें

Lakhisarai Theft : प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

Lakhisarai Theft : प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. लखीसराय के रामपुर में दो घरों से 7.40 लाख की चोरी।

  2. किसान के 6.70 लाख, भाजपा नेता के 70 हजार चुराए।

  3. पुलिस जांच जारी, डॉग स्क्वायड को सुराग नहीं मिला।

जागरण संवाददाता, लखीसराय। Lakhisarai Theft : लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए 7.40 लाख रुपये की मोटी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान एक किसान के घर से 6.70 लाख रुपये और गांव के ही एक भाजपा नेता के घर से 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए गए। एक ही गांव में लगातार दो घरों में हुई इस बड़ी वारदात से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मकान बनाने के लिए बेची थी जमीन

मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी किसान नरेश सिंह अपने नए मकान के निर्माण की तैयारी में जुटे थे। इसके लिए उन्होंने हाल ही में अपनी तीन कट्ठा पुश्तैनी जमीन बेची थी। जमीन बिक्री से मिले 6 लाख 70 हजार रुपये उन्होंने घर में सुरक्षित रखे थे, ताकि निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

जीवन भर की पूंजी पर हाथ साफ

रविवार की रात जब परिवार के सदस्य सो रहे थे, तभी चोरों ने उनके घर में प्रवेश किया और नकदी रखे बक्से व आलमारी को तोड़कर पूरी रकम समेट ली। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। किसान की जीवन भर की गाढ़ी कमाई और जमीन की रकम चोरी होने से परिवार बदहवास है।

भाजपा नेता के घर से भी 70 हजार की नकदी गायब

किसान के घर को निशाना बनाने के साथ ही चोरों ने गांव के ही स्थानीय भाजपा नेता धीरेन्द्र प्रसाद सिंह के आवास पर भी धावा बोला। चोरों ने उनके कमरे से 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए। एक ही रात में गांव के दो प्रतिष्ठित घरों में चोरी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और तुरंत घटना की जानकारी सूर्यगढ़ा थाना पुलिस को दी।

खोजी कुत्ता भी नहीं दे सका सुराग

दोहरी चोरी की सूचना मिलते ही सूर्यगढ़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ रामपुर गांव पहुंची और दोनों घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मामले की गंभीरता और बड़ी रकम की चोरी को देखते हुए जिला मुख्यालय से खोजी कुत्ते (डॉग स्क्वायड) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस जांच में जुटी

खोजी कुत्ते ने किसान नरेश सिंह के घर और आसपास के रास्तों पर सुराग तलाशने की काफी कोशिश की, लेकिन काफी देर तक इधर-उधर दौड़ने के बाद भी बदमाशों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। सूर्यगढ़ा पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में पीड़ितों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संदिग्धों और पूर्व में सक्रिय रहे स्थानीय चोर गिरोहों के इतिहास को खंगालकर मामले के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।