सहरसा में तीन दोस्तों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार, गांव में पसरा गहरा मातम
सहरसा के फरेवा मुसहरी में चार दोस्तों द्वारा सामूहिक आत्महत्या के प्रयास से तीन की मौत हो गई, जबकि एक ...और पढ़ें

सहरसा में तीन दोस्तों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार, गांव में पसरा गहरा मातम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
छोटू कुमार आदर्श, सलखुआ (सहरसा)। कनरिया थाना क्षेत्र के फरेवा मुसहरी में शनिवार को हुई सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल कायम है। इस घटना में तीन दोस्त की मौत हो गई, जबकि चौथे दोस्त सनोज सदा का इलाज अभी भी खगड़िया सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और रविवार अहले सुबह प्रशासन द्वारा शव स्वजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद रविवार सुबह गांव के समीप ही विधि-विधान के साथ तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के लोगों और स्वजनों की सहमति से तीनों युवकों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया, जिसने माहौल को और अधिक भावुक बना दिया। एक साथ तीन दोस्तों की अंतिम विदाई के दौरान पूरे गांव में मातम पसरा रहा और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
जानकारी के अनुसार, मृतक सन्नी कुमार को पत्नी प्रियंका देवी ने मुखाग्नि दी, जबकि राजा कुमार के छोटे भाई सोना कुमार ने अंतिम संस्कार की रस्म निभाई। वहीं, तीसरे युवक मुरारी को उसके छोटे भाई दिलवाले कुमार ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और हर आंख नम दिखी।
अंतिम संस्कार के समय प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं ग्रामीण इस दुखद घटना से अब तक उबर नहीं पा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और सामूहिक आत्महत्या की कोशिश के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, घायल युवक के स्वास्थ्य को लेकर भी स्वजन और ग्रामीण लगातार जानकारी ले रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग युवाओं के इस तरह का कदम उठाने के कारणों को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
