सहरसा में 4 दोस्तों ने एक साथ खाई कीटनाशक, शादी-ब्याह में करते थे डांसर का काम; 3 की मौत से मचा कोहराम
सहरसा के कनरिया थाना क्षेत्र में चार दोस्तों ने कीटनाशक का सेवन किया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। इलाज ...और पढ़ें

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़। (जागरण)
HighLights
कनरिया थाना क्षेत्र में चार दोस्तों ने कीटनाशक पिया।
इलाज के दौरान तीन दोस्तों की दुखद मौत हो गई।
दो अन्य नाबालिगों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी।
संवाद सूत्र, सालखुआ (सहरसा)। एक हृदयविदारक घटना में चार दोस्तों ने एक जगह जमा होकर शनिवार को जहर पी लिया। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि एक का बेगूसराय में उपचार चल रहा है।
चारों दोस्त शादी-विवाह सहित अन्य समारोहों में नाचकर पैसे कमाते थे। शुक्रवार रात भी ये किसी समारोह से लौटे थे। ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि इन्हें शनिवार को कुछ लोगों ने चिढ़ा दिया कि तुम लोग लिपिस्टिक-काजल लगाकर नाचते हो। इसके बाद आहत होकर चारों ने यह कदम उठाया।
पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल कनरिया थाना क्षेत्र की फरेवा मुसहरी के पास है। मृतकों में फरेवा मुसहरी निवासी स्व. मांगन सदा के पुत्र सन्नी कुमार उर्फ सन्नी देओल (17), अर्जुन सदा के पुत्र राजा कुमार (22) व कुजली सदा के पुत्र मुरारी कुमार (16) शामिल हैं।
भोला सदा के पुत्र सनोज कुमार (15) की हालत गंभीर है। सन्नी व राजा दोनों शादीशुदा थे। राजा अपने पीछे दो बेटियां भी छोड़कर गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चारों एक जगह जमा हुए और मक्का के खेत में बैठकर कीटनाशक पी लिया।
कीटनाशक पीने के बाद चारों अपने-अपने घर चले गए। सन्नी की मां मंगली देवी ने बताया कि उनके छोटे पुत्र बाबी देओल की कुछ वर्षों पूर्व मौत हो चुकी थी। बड़े पुत्र सन्नी देओल ने भी अपनी जान दे दी। अब उनके जीने का सहारा चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, एसडीओ आलोक राय तथा एसडीपीओ मुकेश कुमार आदि घटनास्थल पर पहुंचे। इन्होंने ग्रामीणों व मृतक के स्वजन से घटना के बारे में जानकारी ली। चारों युवक मजदूरी भी करते थे।
एसपी हिमांशु ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जहर खाने से मौत हुई है। घटना क्यों हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
