प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा, सहरसा के 3 मजदूरों की मौत; कई मलबे में दबे
प्रयागराज में आदर्श कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने से सहरसा के सलखुआ प्रखंड के तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं।

मृतक के परिजनों से मिले सांसद प्रतिनिधि। (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सलखुआ (सहरसा)। रोजी-रोटी की तलाश में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) गए सहरसा जिले के मजदूरों के साथ एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है।
प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस भयानक हादसे में मलबे में दबकर कई मजदूरों की मौत हो गई है।
प्रारंभिक और स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, इस हादसे में सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के तीन मजदूरों की मौत होने की जानकारी मिल रही है, जबकि दर्जनों अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदर्श कोल्ड स्टोरेज में सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे।बताया जा रहा है कि अधिकांश मजदूर सहरसा जिले के सलखुआ प्रखंड के विभिन्न गांवों के रहने वाले थे। काम के दौरान ही अचानक कोल्ड स्टोरेज की भारी - भरकम छत नीचे आ गिरी।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया। मलबे से निकाले गए घायल मजदूरों को प्रयागराज के स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
हादसे का शिकार हुए सलखुआ के मजदूर
स्थानीय स्तर से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में विद्यानंद चौधरी के पुत्र बिलठ चौधरी (35), सक्कों सदा के पुत्र मसिंद्र सदा (उम्र 25 वर्ष), नुनुलाल सदा के पुत्र ज्योविस कुमार (उम्र 21 वर्ष) शामिल है। बात करे तो
पप्पू यादव, शिंकू यादव, अंकित कुमार, शिबू यादव, साहुल चौधरी, अमित चौधरी, आशू चौधरी सभी सलखुआ प्रखंड के विभिन्न गांवों का है। शनिवार को जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की सूचना सलखुआ प्रखंड के पिपरा, खरहुरिया और बलियार गांव पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
जिन घरों के लाल दो पैसे कमाने परदेस गए थे, उनकी मौत की मनहूस खबर सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मृतकों के घरों में महिलाओं के क्रंदन से पूरा गांव गमगीन हो गया है और इलाके में चूल्हे तक नहीं जले हैं। दूसरी ओर, जिन मजदूरों के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, उनके परिजन खौफ के साये में हैं और लगातार फोन के जरिए अपनों की सलामती जानने का प्रयास कर रहे हैं।
मृतक के परिजनों से मिले सांसद प्रतिनिधि
इस भीषण हादसे के बाद खगड़िया सांसद प्रतिनिधि रितेश रंजन सलखुआ प्रखंड के पीड़ित परिवारों से मिल हालात का जायजा ले रहे हैं।
उन्होंने सहरसा जिला प्रशासन और बिहार सरकार से गुहार लगाई है कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज प्रशासन से तत्काल समन्वय स्थापित कर घायल मजदूरों का बेहतर इलाज सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, मृतकों के शवों को जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव लाने की व्यवस्था की जाए और आश्रित परिवारों को उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।
