सहरसा में पुलिस टीम पर हमला: वर्दी फाड़ी, पिस्टल छीनने की कोशिश; कैदी को छुड़ा ले गए परिजन
सहरसा के सोनवर्षाराज में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की ...और पढ़ें

सहरसा में पुलिस टीम पर हमला (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
फरार आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला।
पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ी, पिस्टल छीनने का प्रयास।
हमलावरों ने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाया।
संवाद सूत्र, सोनवर्षाराज (सहरसा)। सोनवर्षाराज बाजार के दक्षिण टोला वार्ड संख्या 16 में फरार प्राथमिकी आरोपित को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया।
आरोपित के स्वजन और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया और पुलिस अभिरक्षा से आरोपित को छुड़ाकर फरार हो गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई और एक पुलिस पदाधिकारी का सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया गया।
शोर मचाकर घर और आसपास के लोगों को जुटाया
पुलिस के आवेदन के अनुसार, टीम सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कांड संख्या 144/26 का फरार प्राथमिकी आरोपित डिम्पल विश्वास उर्फ धीरेंद्र विश्वास सोनवर्षाराज बाजार में पुराने अस्पताल के पास एक दुकान में बैठा है।
पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपित ने शोर मचाकर घर और आसपास के लोगों को जुटा लिया।
थप्पड़ और मुक्कों से पुलिस टीम पर हमला
आरोप है कि बीरबल कुमार, प्रमोद विश्वास उर्फ मल्लू, हनी विश्वास, गौतम विश्वास, इंदल विश्वास, दिनेश विश्वास, सुरेन विश्वास, सोनू विश्वास, अनिता देवी, मनीषा कुमारी, गंगो देवी और आठ-दस अज्ञात महिला-पुरुषों ने लाठी-डंडे, थप्पड़ और मुक्कों से पुलिस टीम पर हमला किया।
मारपीट में एक पुलिस पदाधिकारी के बाएं हाथ का अंगूठा मरोड़ दिया गया। पुलिसकर्मियों की वर्दी खींचकर नेम प्लेट और कलम तोड़ दी गई। सरकारी पिस्टल छीनने का भी प्रयास किया गया।
पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनकर भागने का आरोप
घटना का वीडियो बनाने के दौरान अनिता देवी पर एक पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनकर भागने का आरोप है। हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वहां से निकलकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षाराज में उपचार कराया।
प्रभारी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपित प्रमोद कुमार उर्फ मल्लू को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- सहरसा: मोबाइल नंबर देने से मना करने पर युवती के घर में घुसकर मारपीट, पांच लोगों पर FIR दर्ज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।