विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा के 5 प्रखंड से गुजरेगा बिहार का पहला नेशनल एक्सप्रेस-वे, 3 घंटे में पूरा होगा पटना का सफर

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:33 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली से बिहार के पहले 6-लेन पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ करेंगे। यह 245 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे कोसी-सीमांचल क्षेत्र के विकास को गति देगा और पटना-पूर्णिया का सफर 3 घंटे में पूरा करेगा।

बिहार का पहला नेशनल एक्सप्रेस-वे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बिहार का पहला नेशनल एक्सप्रेस-वे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पीएम मोदी करेंगे बिहार के पहले एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ।

  2. पटना-पूर्णिया का सफर अब मात्र तीन घंटे में।

  3. कोसी-सीमांचल क्षेत्र के आर्थिक विकास को मिलेगी गति।

संवाद सहयोगी, सहरसा। शनिवार कोसी- सीमांचल वासियों के लिए एक ऐतिहासिक दिवस साबित होगा। इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना जाने के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग आने वाले दिनों में मिलेगा। 

इस इलाके का लाइफ लाइन बनने वाले बिहार के प्रथम नेशनल एक्सप्रेस-वे (एनई-9) पटना- पूर्णिया एक्सप्रेस वे के निर्माण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली से शुभारंभ करेंगे। यह छह लेन सड़क सहरसा जिला के पांच प्रखंड महिषी, सिमरीबख्तियारपुर, सोनवर्षा, सौरबाजार व पतरघट प्रखंड से गुजरेगी। 

दरभंगा जिला के कुशेश्वर स्थान से राजनपुर होकर जिला में प्रवेश कर एक्सप्रेस वे मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा में निकलेगी।

आठ घंटे से घटकर तीन घंटे का होगा सफर

245 किलोमीटर लंबे पटना- पूर्णिया 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी। जिससे पटना से पूर्णिया का सफर सात- आठ घंटे से घटकर महज तीन घंटे का रह जाएगा।

यह एक्सप्रेस-वे वैशाली के मीरनगर (एनएच-22) से शुरू होकर समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा होते हुए पूर्णिया के चंद भट्टी (एनएच-27) तक जाएगी। यह सड़क पटना रिंग रोड से जुड़ेगी। इसके जमीनी निर्माण पर 12,052 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बड़े बाजार तक पहुंचेगा कोसी क्षेत्र का उत्पाद

व्यापारियों और निवेशकों के लिए यह मार्ग बेहद लाभकारी साबित होगा। यह एक्सप्रेस-वे छह जिलों के 18 शहरों और कस्बों को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इससे खासकर कोसी व सीमांचल के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने से आर्थिक गतिविधियों को तेजी मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। 

इससे व्यापारिक विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। कोसी के किसानों को अपने मखाना- मछली जैसे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे इलाके के विकास का द्वार खुलेगा।

यह भी पढ़ें- बिहार को मिलेगी 4 लाख करोड़ की सौगात: वैशाली से PM मोदी करेंगे 'नीतीश सेतु' का लोकार्पण, क्या है सीमांचल कनेक्शन?


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।