फ्रांस सहित 54 देशों में गूंज रही छठ महापर्व की महिमा, बिहार के कोसी रेंज DIG डॉ. कुमार आशीष के फ्रेंच आलेख की चर्चा
Chhath Puja French Article DIG Kumar Ashish ICCR: बिहार के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष द्वारा फ्रेंच भाषा में लिखा छठ ...और पढ़ें
-1794334754689_m.webp)
Chhath Puja French Article DIG Kumar Ashish ICCR: छठ महापर्व की विदेशों में धूम
HighLights
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने फ्रेंच में लिखा छठ आलेख।
आईसीसीआर ने 2013 में प्रकाशित किया यह प्रामाणिक आलेख।
54 फ्रेंच भाषी देशों में छठ की महिमा पहुंची।
संवाद सूत्र, सहरसा। Chhath Puja French Article DIG Kumar Ashish ICCR: बिहार की पावन माटी, लोक आस्था और प्रकृति की आराधना से जुड़ा महापर्व छठ अब केवल देश की सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका आध्यात्मिक और वैज्ञानिक संदेश वैश्विक फलक पर अपनी गहरी छाप छोड़ रहा है।
बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी व वर्तमान में कोसी प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने करीब दो दशक पहले यूरोपीय देश फ्रांस की धरती पर छठ महापर्व की धार्मिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक विशेषताओं की अलख जगाई थी।
उनके द्वारा फ्रेंच भाषा में विशेष रूप से तैयार किया गया छठ पर्व पर आधारित प्रामाणिक आलेख भारत सरकार की प्रतिष्ठित संस्था 'भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद' (आईसीसीआर), नई दिल्ली की आधिकारिक पुस्तक में वर्ष 2013 में प्रकाशित हो चुका है। यह उपलब्धि बिहार की लोक आस्था और समृद्ध विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर मानी जाती है।
सोशल मीडिया पर आलेख मांगने वालों की होड़
छठ महापर्व के नजदीक आते ही जब देश-दुनिया में इसकी कठिन साधना, पवित्रता और महिमा की चर्चा तेज होती है, तो विदेशी नागरिकों में भी इसे जानने और समझने की तीव्र ललक पैदा होती है। ऐसे में फ्रांस सहित दुनिया के 54 फ्रेंच भाषी देशों के शोधार्थी, शिक्षक और आम नागरिक इंटरनेट मीडिया के विभिन्न माध्यमों—जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और 'एक्स' (ट्विटर) के जरिए सीधे डॉ. कुमार आशीष से संपर्क साधते हैं और उनसे फ्रेंच भाषा में लिखे उस मूल आलेख की मांग करते हैं।
इस वर्ष भी महापर्व छठ से पूर्व दर्जनों फ्रेंच भाषी विदेशी नागरिक उनसे संपर्क कर आलेख प्राप्त कर चुके हैं। वहीं, कुछ विदेशी शोधकर्ताओं ने अपनी विशेष जिज्ञासा को शांत करने के लिए सीधे डीआईजी से फोन और ऑनलाइन संवाद कर पर्व की बारीकियों को समझा है।
2006-07 में पेरिस संगोष्ठी से हुई थी शुरुआत
इस वैश्विक यात्रा की पृष्ठभूमि बेहद रोचक है। दरअसल, डॉ. कुमार आशीष वर्ष 2006-07 में एक अध्ययन यात्रा के सिलसिले में फ्रांस गए थे। वहां आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय विचार गोष्ठी के दौरान कुछ फ्रांसीसी बुद्धिजीवियों व नागरिकों ने उनसे भारतीय और विशेषकर बिहार की किसी ऐसी परंपरा के बारे में बताने का अनुरोध किया, जो दुनिया में अद्वितीय हो।
इस पर उन्होंने बिहार के महापर्व छठ की विस्तार से चर्चा की। छठ की 36 घंटे की कठिन निर्जला साधना, डूबते और उगते सूर्य की वंदना, प्रकृति के प्रति अगाध कृतज्ञता और ऊंच-नीच के भेद को मिटाने वाली सामाजिक समरसता की परंपरा सुनकर फ्रांसीसी नागरिक हतप्रभ रह गए और गहरे प्रभावित हुए। उन्होंने डॉ. आशीष को सुझाव दिया कि इस पावन पर्व की महत्ता फ्रांस के साथ-साथ दुनिया के अन्य फ्रेंच भाषी देशों तक भी आधिकारिक रूप से पहुंचनी चाहिए।
इस विचार से प्रेरित होकर स्वदेश लौटने के बाद डॉ. आशीष ने छठ पर्व के धार्मिक, सामाजिक, आध्यात्मिक और वैज्ञानिक पहलुओं का गहन अनुसंधान किया और अंततः फ्रेंच भाषा में एक सारगर्भित शोध आलेख तैयार किया, जिसे बाद में विदेश मंत्रालय के आईसीसीआर ने पुस्तक रूप में प्रकाशित किया।
वैज्ञानिकता, प्रकृति और पुरोहित विहीन पूजा पर जोर
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि आलेख में छठ को केवल एक पारंपरिक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि प्रकृति, आत्म-अनुशासन, शारीरिक शुद्धि और चेतना के विस्तार का अनूठा संगम बताया गया है। आलेख में चार दिवसीय अनुष्ठान के चारों चरणों—नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के वैज्ञानिक व मनोवैज्ञानिक आधारों को क्रमबद्ध तरीके से समझाया गया है।
इसके साथ ही बहते जल में कमर तक खड़े होकर सौर ऊर्जा ग्रहण करने, सूप और बांस के बने दउरा (दलिया) के उपयोग के पारिस्थितिक महत्व को रेखांकित किया गया है। आलेख का सबसे सशक्त पहलू इसकी सामाजिक समानता है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि छठ सनातन संस्कृति का एक ऐसा विरला महापर्व है, जिसमें पूजा के लिए किसी पुरोहित, ब्राह्मण या मध्यस्थ की कोई अनिवार्यता नहीं होती। राजा हो या रंक, स्त्री हो या पुरुष—सभी स्वयं अपनी आस्था से व्रती बनते हैं। स्थानीय किसानों के फल, गन्ना, अदरक, सुथनी और मिट्टी के चूल्हे से जुड़ा यह पर्व ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का सबसे जीवंत उदाहरण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।