सासाराम-पटना NH पर 2 महीने में शुरू होगा काम, सम्राट बोले- बिहार में तैयार होंगे 10 एयरपोर्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवा संवाद में कहा कि 2030 तक बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने सासाराम-पटना NH पर दो महीने में काम शुरू होने और 2029 तक 10 एयरपोर्ट बनने की घोषणा की।

सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री
HighLights
2030 तक बिहार में रोजगार, युवाओं को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
सासाराम-पटना NH पर दो महीने में काम, 2029 तक 10 एयरपोर्ट।
इंद्रपुरी जलाशय परियोजना 26 साल बाद होगी साकार, सिंचाई बढ़ेगी।
संवाद सहयोगी, डेहरी आन सोन, (रोहतास)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा बिहार बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक ऐसी स्थिति बनाने के लिए सरकार काम कर रही है।
सासाराम-पटना NH पर दो महीने में शुरू होगा काम, क्या बदलेगी कनेक्टिविटी?
मुख्यमंत्री ने कहा कि सासाराम-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो महीने के भीतर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 से पहले बिहार में 10 एयरपोर्ट तैयार हो जाएंगे।
इंद्रपुरी जलाशय परियोजना 26 साल बाद होगी साकार
सम्राट चौधरी ने कहा कि 26 वर्षों से प्रतीक्षारत इंद्रपुरी जलाशय परियोजना अब साकार होगी। उन्होंने दावा किया कि सोन नदी के तीन चौथाई पानी का लाभ बिहार को मिलेगा। राज्य सरकार करीब 44 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित करने की दिशा में काम कर रही है।
बाढ़-सुखाड़ से राहत की तैयारी, केंद्र के साथ मिलकर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार लंबे समय से बाढ़ और सुखाड़ दोनों की विभीषिका झेलता रहा है। इससे बचाव के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। सिंचाई परियोजनाओं और जल प्रबंधन के जरिए किसानों को राहत देने पर सरकार का जोर है।
2030 तक बाहर मजदूरी करने की जरूरत न पड़े
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के करीब 12 लाख लोग दूसरे राज्यों में काम करते हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग मजदूरी के लिए भी बाहर जाते हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 तक बिहार के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े। उन्होंने राज्य के उद्योगपतियों से अपनी जन्मभूमि को ही कर्मभूमि बनाने और यहां उद्योग लगाने की अपील की।
युवाओं की ताकत से विकसित बिहार का लक्ष्य
युवा संवाद में मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी कमजोरी को शक्ति में बदलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की कल्पना को साकार करने में युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। आर्थिक विकास के लिए युवाओं की भागीदारी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना जरूरी है।
पीएम मोदी के कार्यकाल में देश में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने घोषणापत्र और वादों से समझौता नहीं करती।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बिहार का बजट 6 हजार करोड़ से बढ़कर 3.17 लाख करोड़ रुपये होने का दावा
सम्राट चौधरी ने कहा कि कभी छह हजार करोड़ रुपये के बजट वाला बिहार आज 3.17 लाख करोड़ रुपये के बजट वाला राज्य है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष पहल पर काम किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- वडनगर से काशी तक पहुंचा 1255 गांवों की नदियों का जल, रोहतास में सम्राट चौधरी ने लिया यात्रा का जायजा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।