विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतास के 1960 गांवों में विशेष भूमि सर्वेक्षण, बिना दाखिल-खारिज के भी आपके नाम होगी जमीन

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:03 AM (IST)

रोहतास जिले के 1960 गांवों में विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें 363 अमीन लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, जिससे भूमि संबंधी विवादों में कमी आएगी।

रोहतास के 1960 गांवों में विशेष भूमि सर्वेक्षण (AI Generated Image)

रोहतास के 1960 गांवों में विशेष भूमि सर्वेक्षण (AI Generated Image)

HighLights

  1. रोहतास के 1960 गांवों में विशेष भूमि सर्वेक्षण जारी।

  2. भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना लक्ष्य।

  3. 363 अमीन और 19 शिविरों से कार्य में तेजी।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। जिले के 1960 गांवों में जमीन के वास्तविक हकदारों के नाम करने के लिए विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाई गई है। सर्वेक्षण कार्य के लिए 363 अमीनों को लगाया गया है।

19 सर्वेक्षण शिविरों के माध्यम से ये अमीन वास्तविक भू स्वामियों के दावे का सत्यापन कर ग्राम सीमा के सत्यापन, मौजों के सीमांकन का कार्य पूरा कर रहे हैं। 761 गांवों में किस्तवार कार्य भी पूर्ण किया गया है।

विशेष भूमि सर्वेक्षण का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। सर्वेक्षण कार्य में पूर्ण सावधानी एवं शुद्धता बरतने के लिए विशेष हिदायत दी गई है जिससे रैयतों के भूमि संबंधी अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहे।

प्रपत्र पांच में आवेदन देकर कराएं खानापूरी:

प्रपत्र पांच में वैसे लोगों से आवेदन मांगा जा रहा है जिनके पूर्वज के नाम पर खतियान है। इसके लिए लोगों को वंशावली के साथ बंटवारे का कागज या सहमति पत्र मांगा जा रहा है।

इसी के आधार पर उनके नाम से नया खाता खोल दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब ऐसे कम ही लोग बचे हैं जिनके नाम से खतियान बना हो।

प्रपत्र दो जमीन रजिस्ट्री कराने वाले कर सकते हैं आवेदन:

विशेष सर्वेक्षण शिविर में प्रपत्र दो में भी आवेदन लिया जा रहा है। इस प्रपत्र में वैसे आवेदकों से आवेदन लिया जा रहा है जिन्होंने अपने नाम जमीन की रजिस्ट्री कराई है और दखल कब्जा प्राप्त कर लिया है।

अगर अंचल कार्यालय से नामांतरण नहीं भी हुआ है तो लोग प्रपत्र दो में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए जमीन रजिस्ट्री केवाला के साथ उन्हें आवेदन करना होगा।

विशेष सर्वेक्षण शिविर में शामिल अमीन व शिविर प्रभारी मौके पर उनके स्वामित्व की पड़ताल करने के बाद उनके नाम खाता खोलने का काम करेंगे।

गांव का सीमांकन कर तैयार हो रहा नजरी नक्शा:

विशेष भूमि सर्वेक्षण में गांव का सीमांकन कर उसका नजरी नक्शा तैयार किया जा रहा है। ग्राम सीमा सत्यापन, प्रपत्र-पांच की प्रविष्टि, किस्तवार, खानापूरी तथा प्रपत्र छह एवं प्रपत्र सात (एलपीएम) से संबंधित कार्य में तेजी आई है। सर्वे कार्य पूरा होने पर भूमि संबंधी विवाद में भी कमी आएगी।

विशेष सर्वेक्षण के कानूनगो सह राजस्व अधिकारी शोहराब अंसारी बताते हैं कि जिले के सभी 19 अंचलों के 1960 गांवों में भूमि सर्वेक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए 363 अमीन विशेष रूप से नियुक्त किए गए हैं।

क्या कहते हैं डीएम?

विशेष सर्वेक्षण का उद्देश्य भूमि अभिलेखों को अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। सर्वेक्षण कार्य में पूर्ण सावधानी एवं शुद्धता बरतने की हिदायत सभी शिविर प्रभारियों को दी गई है। दिसंबर माह तक 70 प्रतिशत किस्तवार कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। - दीपक कुमार मिश्र, डीएम, रोहतास

यह भी पढ़ें- बिहार में भूमि सर्वेक्षण को मिलेगी रफ्तार, ड्रोन से तैयार होगा नक्शा और FAQ से सुलझेंगी समस्याएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।