बिहार में भूमि सर्वेक्षण को मिलेगी रफ्तार, ड्रोन से तैयार होगा नक्शा और FAQ से सुलझेंगी समस्याएं
Bihar Land Survey Update Muzaffarpur: बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य को गति देने के लिए निदेशालय ने ड्रोन से हवाई सर्वेक्षण और तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु एफएक्यू जारी किया है। इससे कर्मियों को बार-बार मुख्यालय संपर्क करने की आवश्यकता नहीं होगी।

अब कर्मियों को आम तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मुख्यालय या आईटी सेल को कॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
HighLights
तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु एफएक्यू जारी किया गया।
ड्रोन से हवाई सर्वेक्षण, मानचित्र निर्माण में आएगी तेजी।
सर्वेक्षण कर्मी अब स्वयं सुलझा सकेंगे सामान्य तकनीकी दिक्कतें।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Drone Aerial Survey Land Mapping Bihar: बिहार में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य की रफ्तार बढ़ाने और मानचित्र निर्माण के दौरान आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
निदेशालय की ओर से सामान्य प्रश्न-उत्तर यानी एफएक्यू (FAQ) जारी किया गया है, जिसे सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारियों, सर्वेक्षण कर्मियों और हवाई सर्वेक्षण एजेंसी को उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस संबंध में सहायक निदेशक द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अब कर्मियों को आम तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मुख्यालय या आईटी सेल को कॉल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि एक ही जगह पर सभी सवालों के जवाब मिल जाएंगे।
उलझनें चंद मिनटों में होंगी दूर
राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में भू-सर्वेक्षण सॉफ्टवेयर और मानचित्र निर्माण में आ रही दिक्कतों को देखते हुए आईटी सेल तथा हवाई सर्वेक्षण एजेंसी को एफएक्यू तैयार करने का निर्देश दिया गया था।
सर्वेक्षण कार्य में जुटे अमीन, कानूनगो, सर्वेक्षण सहायक और ऑपरेटरों को प्रतिदिन सॉफ्टवेयर में लॉगिन न होने, डेटा सुरक्षित न होने, नक्शा अपलोड न होने और प्लॉट मिलान जैसी एक ही तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
इन तकनीकी त्रुटियों के कारण काम की गति धीमी पड़ रही थी, लेकिन अब कर्मी एफएक्यू की मदद से खुद ही चंद मिनटों में इन समस्याओं को सुलझा सकेंगे।
एक ही दिन में बन सकेगा सटीक नक्शा
भूमि सर्वेक्षण में मानचित्रण को अधिक सटीक और तेज बनाने के लिए हवाई सर्वेक्षण का कार्य ड्रोन के माध्यम से किया जाएगा। ड्रोन की मदद से ऊपर से खेत, प्लॉट, सड़क, नदी, तालाब और घरों की सही सीमा बिल्कुल स्पष्ट दिखाई देगी।
पारंपरिक तरीके से पैदल एक-एक प्लॉट की मापी करने में जहां महीनों का समय लग जाता है, वहीं ड्रोन तकनीक से एक ही दिन में पूरे गांव का नक्शा तैयार किया जा सकेगा, जिससे सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता और तेजी दोनों आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।