विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चना, सरसों और मसालों से महकने वाले खेत अब सिर्फ गेहूं-धान तक सिमटे! बदल रही रोहतास की कृषि संस्कृति

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:41 PM (IST)

रोहतास के करगहर में कृषि संस्कृति बदल गई है, जहाँ कभी चना, सरसों और मसालों की खेती होती थी, अब सिर्फ गेहूं-धान का वर्चस्व है।

बदल रही रोहतास की कृषि संस्कृति (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

बदल रही रोहतास की कृषि संस्कृति (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. रोहतास के करगहर में कृषि विविधता गेहूं-धान तक सिमटी।

  2. आधुनिक बाजारवाद ने बदली पारंपरिक खेती, बढ़ी रासायनिक निर्भरता।

  3. फसल विविधीकरण और जैविक खेती से सुधरेगी मिट्टी की सेहत।

सुरेंद्र तिवारी, करगहर (रोहतास)। कभी खेतों में विविधता की खुशबू बिखेरने वाला जिले का करगहर प्रखंड आज सिर्फ गेहूं और धान की दो प्रमुख फसलों के चक्र तक सिमट कर रह गया है। आधुनिक बाजारवाद व व्यावसायिक खेती की होड़ ने इस क्षेत्र की पारंपरिक कृषि संस्कृति को पूरी तरह बदल दिया है। 

1970 के दशक की स्थिति आज से बिल्कुल भिन्न थी। उस दौर में खेतों में गेहूं और धान के साथ-साथ ईख, चना, सरसों, अलसी, जौ, मंगरैला, मेथी, प्याज, आलू, लहसुन व हल्दी की बंपर खेती हुआ करती थी। तब के बुजुर्ग किसान याद करते हैं कि पहले हमारे खेत ही हमारे बाजार थे। 

बुनियादी जरूरतों के लिए बाजार पर निर्भर नहीं

घर की जरूरत का लगभग हर अनाज और मसाला खेत से ही निकल आता था। किसान उस समय अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए बाजार पर निर्भर नहीं थे। गोबर की खाद और प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से न केवल खेती होती थी, बल्कि अनाज की गुणवत्ता व शुद्धता भी उच्च स्तर की होती थी।

पहले हमारे खेत ही हमारा बाजार थे। चना, सरसों, अलसी, मसाला सब घर का होता था। आज सब कुछ बाजार से खरीदना पड़ता है। शुद्धता की गारंटी नहीं रह गई है। - कामेश्वर तिवारी, किसान

पहले कम खाद में अच्छी फसल होती थी। अनाज में स्वाद और ताकत थी। अब रासायनिक खाद के बिना खेती संभव नहीं, लागत बढ़ गई है और गुणवत्ता घट गई है। - बिरेंद्र तिवारी, किसान

पहले किसान अपनी जरूरत के लिए खेती करता था, अब व्यापार के लिए करता है। गेहूं-चावल बेचकर पैसा तो मिलता है, लेकिन सेहत से जुड़ा शुद्ध अनाज नहीं मिल पाता। - जनार्दन उपाध्याय, किसान

यदि किसान फिर से दलहन, तिलहन और मसालों की खेती की ओर लौटें तो न केवल शुद्ध भोजन मिलेगा, बल्कि जमीन की सेहत भी सुधरेगी और बाजार पर निर्भरता कम होगी। - मंगला राय, किसान

लगातार गेहूं-धान के चक्र से मिट्टी की उर्वरा शक्ति घट रही है और भूजल स्तर भी नीचे जा रहा है। किसानों को फसल विविधीकरण अपनाना चाहिए। दलहन-तिलहन, सब्जी और मसाला फसलों को फसल चक्र में शामिल करने से मिट्टी का स्वास्थ्य सुधरेगा, लागत घटेगी और आय के स्रोत भी बढ़ेंगे। प्राकृतिक खेती और जैविक खाद का प्रयोग गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक होगा।- रामाकांत सिंह, कृषि विज्ञानी

यह भी पढ़ें- नए साल में सासाराम के लोगों की एक परेशानी होगी दूर, नगर निगम के ये 10 काम होंगे ऑनलाइन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।