विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नए साल में सासाराम के लोगों की एक परेशानी होगी दूर, नगर निगम के ये 10 काम होंगे ऑनलाइन

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:01 PM (IST)

सासाराम नगर निगम जल्द ही उपयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराएगा, जिससे नागरिकों को घर बैठे मकान नक्शा, ट्रेड लाइसेंस और जल कनेक्शन जैसी सुविधाएं मिलेंगी।  

सासाराम नगर न‍िगम क्षेत्र के लोगों को म‍िलेंगी सुव‍िधाएं। फाइल

सासाराम नगर न‍िगम क्षेत्र के लोगों को म‍िलेंगी सुव‍िधाएं। फाइल

HighLights

  1. सासाराम नगर निगम की सेवाएं होंगी अब ऑनलाइन उपलब्ध।

  2. मकान नक्शा, ट्रेड लाइसेंस, जल कनेक्शन घर बैठे संभव।

  3. यूपीयोग पोर्टल 1 जनवरी 2027 से होगा शुरू।

जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। मकान का नक्शा पास कराना हो, जल-सीवरेज का कनेक्शन लेना हो या ट्रेड लाइसेंस बनवाना हो, अब इन कामों के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सासाराम नगर निगम के लोगों को जल्द ही ये सुविधाएं घर बैठे ऑनलाइन मिल सकेंगी। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से तैयार किए जा रहे उपीयोग (अर्बन प्लेटफाॅर्म फार डिलीवरी ऑफ ऑनलाइन गवर्नेंस) पोर्टल के माध्यम से नगर निगम की सेवाओं को डिजिटल किया जा रहा है।

इसे एक जनवरी 2027 से शुरू करने की उम्मीद है। पोर्टल शुरू होने से सासाराम नगर निगम के सभी 48 वार्डों की करीब 2.62 लाख आबादी को राहत मिलेगी।

फिलहाल पोर्टल के 10 मॉड्यूल विकसित किए जा चुके हैं और उनका डेमो चल रहा है। राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (एनयूडीएम) के तहत विकसित इस पोर्टल पर नगर निकायों की कुल 19 सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की योजना है।

इन 10 सेवाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा निगम कार्यालय

उपयोग पोर्टल के माध्यम से नगर निगम की जिन 10 सेवाओं को ऑनलाइन करने की तैयारी है, उनमें भवन योजना स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, जल एवं सीवरेज कनेक्शन, विज्ञापन, संपत्ति प्रबंधन, फ्लीट मैनेजमेंट, नगर लेखांकन एवं वित्त, कानूनी प्रबंधन, सामग्री प्रबंधन और सार्वजनिक वित्तीय शिकायत निवारण शामिल हैं।

इस व्यवस्था से मकान का नक्शा पास कराने के लिए आवेदन करने वाले लोगों को निगम कार्यालय में दस्तावेज जमा करने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।

इसी तरह व्यवसायियों को ट्रेड लाइसेंस बनवाने या उसका नवीनीकरण कराने के लिए भी कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा। जलापूर्ति और सीवरेज कनेक्शन के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी ऑनलाइन पूरी की जा सकेगी।

आवेदन से लेकर प्रक्रिया की निगरानी तक मिलेगी सुविधा

अभी नगर निगम से जुड़ी सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को संबंधित शाखाओं में आवेदन जमा करना पड़ता है। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और दूसरी औपचारिकताओं में समय लगता है।

नई व्यवस्था लागू होने पर लोग पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। इससे आवेदन जमा करने और उसकी प्रक्रिया पूरी कराने में लगने वाला समय और श्रम बचेगा।

सासाराम नगर निगम का क्षेत्रफल 151.71 वर्ग किलोमीटर है। ऐसे में शहर के दूर-दराज के वार्डों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए भी निगम कार्यालय पहुंचना पड़ता है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से उन्हें इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

एक जनवरी 2027 से शुरुआत की उम्मीद

नगर आयुक्त विकास कुमार ने बताया कि उपयोग पोर्टल लागू होने के बाद शहरवासियों को विभिन्न कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वे घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल को एक जनवरी 2027 से शुरू करने की उम्मीद है। फिलहाल इसके विकसित किए गए मॉड्यूल का डेमो चल रहा है।

एक नजर में

  • नगर निगम के कुल वार्ड : 48

  • लाभान्वित होने वाली आबादी : करीब 2.62 लाख

  • नगर निगम का क्षेत्रफल : 151.71 वर्ग किलोमीटर

  • पोर्टल का नाम : यूपीयोग

  • विकसित मॉड्यूल : 10

  • प्रस्तावित कुल ऑनलाइन सेवाएं : 19

  • पोर्टल शुरू होने की संभावित तिथि : 1 जनवरी 2027

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।