कैमूर पहाड़ी के गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, अवसानी नदी पर बनेंगे 3 पुल
रोहतास के कैमूर पहाड़ी स्थित जनजाति-बहुल गांवों में अवसानी नदी पर 10.63 करोड़ रुपये की लागत से तीन पुल और एक संपर्क पथ बनेगा।

सर्वे करती प्रशासन की टीम। फोटो जागरण
HighLights
अवसानी नदी पर 10.63 करोड़ से बनेंगे तीन पुल।
तारडीह से कौड़ियारी तक 3.34 किमी संपर्क पथ भी।
जनजाति-बहुल गांवों को मिलेगी बारहमासी सड़क सुविधा।
संवाद सूत्र, रोहतास। रोहतास प्रखंड की कैमूर पहाड़ी के जनजाति-बहुल गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
तारडीह, मानु और कौड़ियारी गांवों के बीच अवसानी नदी पर 10 करोड़ 63 लाख 84 हजार 783 रुपये की लागत से तीन पुल बनाए जाएंगे।
इसके साथ तारडीह से कौड़ियारी तक 3.34 किलोमीटर लंबा संपर्क पथ भी बनेगा। इससे पहाड़ी की तलहटी में बसे गांवों तक सड़क मार्ग से पहुंचना आसान होगा।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि इन गांवों को रोहतास-अधौरा मुख्य सड़क से जोड़ने के रास्ते में अवसानी नदी की दो धाराएं पड़ती हैं। पुल निर्माण की रूपरेखा तय करने के लिए तकनीकी पहलुओं पर विचार किया गया।
सरकार से स्वीकृति का इंतजार
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता नंद गोपाल सिंह ने बताया कि पुल और सड़क निर्माण के लिए डीपीआर, फिजिबिलिटी रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कर राज्य मुख्यालय भेजा गया है।
राज्य तकनीकी सलाहकार और IIT पटना ने स्थल निरीक्षण किया, ताकि तकनीकी पहलुओं की जांच कर निर्माण में आने वाली संभावित बाधाएं दूर की जा सकें। इससे डीपीआर को जल्द स्वीकृति मिलने और निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।
बारहमासी कनेक्टिविटी
मुखिया नागेंद्र यादव के अनुसार, बरसात में अवसानी नदी में उफान आने से कौड़ियारी, हरैया, मानु और आसपास के गांव मुख्य मार्ग से कट जाते हैं।
दोपहिया वाहनों का आवागमन भी ठप हो जाता है। जरूरी काम या आपात स्थिति में ग्रामीण जोखिम उठाकर पैदल नदी पार करते हैं।
जलस्तर घटने के बाद ही आवागमन सामान्य हो पाता है। पुल बनने से मानु, हरैया, कौड़ियारी समेत कई गांवों को पहली बार बारहमासी सड़क सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Patna Traffic: जेपी सेतु पर आज रात से वाहनों का परिचालन बंद, कारगिल चौक से गायघाट तक कल नहीं चलेंगी गाड़ियां