Patna Traffic: जेपी सेतु पर आज रात से वाहनों का परिचालन बंद, कारगिल चौक से गायघाट तक कल नहीं चलेंगी गाड़ियां
कार्तिक पूर्णिमा के कारण पटना में 24 नवंबर को व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें जेपी सेतु और कारगिल चौक से गायघाट तक कई मार्गों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि एंबुलेंस व अग्निशमन वाहनों को छूट मिलेगी।

23 नवंबर की रात 10 बजे से भारी वाहनों पर रोक
HighLights
जेपी सेतु पर गंगा पथ पर उतरने की अनुमति नहीं।
कारगिल चौक से गायघाट तक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए।
जागरण संवाददाता, पटना। जेपी सेतु पर पटना आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे उतरने की अनुमति नहीं होगी। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर 24 नवंबर को पटना में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू की गई है।
इसके तहत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, अशोक राजपथ में कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे।
23 नवंबर की रात 10 बजे से भारी वाहनों पर रोक
निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों और बड़ी मालवाहक गाड़ियों का प्रवेश 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। 24 नवंबर को कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहन नहीं चलेंगे।
अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए परिचालन की अनुमति रहेगी। कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
पुरानी और न्यू बाईपास से गायघाट पहुंचेंगे वाहन
गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं को अपने वाहन नजदीकी निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने होंगे।
गायघाट पुल के नीचे टेंपो और व्यावसायिक वाहनों की नो एंट्री
गायघाट पुल के नीचे टेंपो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। अगमकुआं आरओबी से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक ही जा सकेंगे। वहीं, धनुकी मोड़ और बिस्कोमान गोलंबर की ओर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक पहुंचेंगे।
गायघाट पुल के नीचे से चलने वाले टेंपो और व्यावसायिक वाहन अगमकुआं आरओबी के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर, धनुकी मोड़ और पुरानी बाईपास होते हुए गांधी मैदान सहित अन्य स्थानों की ओर जाएंगे।
गांधी मैदान और अशोक राजपथ जाने के लिए बदला रूट
गांधी मैदान से गायघाट या अशोक राजपथ जाने वाले वाहनों को एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल और बहादुरपुर गुमटी होते हुए बाईपास तथा अगमकुआं के रास्ते भेजा जाएगा। यदि कोई वाहन गायघाट से अशोक राजपथ की ओर आता है तो उसे गांधी चौक से बारी पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ऐसे वाहन अशोक राजपथ के रास्ते सीधे गांधी मैदान नहीं पहुंच सकेंगे। पटना जंक्शन और जीपीओ होते हुए बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी। उन्हें गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के अंदर पार्क किया जाएगा।
जेपी सेतु से पटना आने वालों के लिए विशेष व्यवस्था
जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे उतरने की अनुमति नहीं होगी। वे सीधे एप्रोच पथ से अशोक राजपथ जा सकेंगे। प्रशासन ने सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले लोगों से महात्मा गांधी सेतु का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।
दीघा के रामजीचक, पाटीपुल, शिवा और मीनार घाट जाने वाले वाहन जेपी सेतु एप्रोच पथ से रूपसपुर नहर रोड होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पहुंचेंगे। कुर्जी मोड़ से अंदर जाने वाले वाहन गंगा पथ अंडरपास से उत्तर की ओर निर्धारित पार्किंग में खड़े होंगे।
गेट नंबर 93, 88 और 83 से आने वाले वाहनों के लिए भी उत्तर दिशा की पार्किंग निर्धारित की गई है। पहलवान घाट और बांस घाट जाने वाले वाहनों को गंगा पथ अंडरपास से निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।
कलेक्ट्रेट, महेंद्रू और कॉलेजों के लिए पार्किंग तय
कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट जाने वाले लोग आयुक्त कार्यालय के सामने से गंगा पथ अंडरपास होते हुए पश्चिमी पार्किंग या गांधी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे। पटना कॉलेज जाने वाले श्रद्धालु खजांची रोड से कॉलेज मैदान पहुंचेंगे।
वहीं, साइंस कॉलेज के लिए एनी बेसेंट रोड, रमना रोड और कुनकुन सिंह लेन से प्रवेश कर परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। घाटों पर भीड़ बढ़ने और श्रद्धालुओं की वापसी के समय पुलिस तथा मजिस्ट्रेट वाहनों को घाट की ओर जाने से रोकेंगे।
एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को मिलेगी छूट
यातायात प्रतिबंधों से अग्निशमन वाहनों, एंबुलेंस और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को छूट दी गई है। विभिन्न घाटों से अस्पतालों तक पहुंचने के लिए गंगा पथ, अशोक राजपथ, दीघा-एम्स पाटली पथ और रूपसपुर नहर रोड के रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर कतारबद्ध तरीके से वाहन लगाने की अपील की है।
किसी भी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क
यातायात व्यवस्था या किसी आपात स्थिति में सहायता के लिए प्रशासन ने नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए हैं।
- जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810, 0612-2219234
- पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031825979
- यातायात नियंत्रण कक्ष: 0612-2219151, 9470630615
- पटना सिटी नियंत्रण कक्ष: 0612-2631813
श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में जाने से पहले जान लें नया ट्रैफिक रूट, 23 से 25 नवंबर तक वाहनों की NO ENTRY
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।