जनार्दन तिवारी हत्याकांड: रोहतास पुलिस ने 2 आरोपितों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार
रोहतास के करगहर में जनार्दन तिवारी हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो आरोपितों, शंभू शर्मा और गुड्डू शर्मा को गिरफ्तार किया है।
-1792680908800_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
जनार्दन तिवारी हत्याकांड में दो आरोपित गिरफ्तार किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों पर शव ठिकाने लगाने का आरोप है।
मुख्य आरोपित ओम प्रकाश शर्मा की तलाश जारी है।
संवाद सूत्र, करगहर (रोहतास)। डुमरा गांव में जनार्दन तिवारी हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपित शंभू शर्मा एवं गुड्डू शर्मा उसी गांव के बताए जाते हैं। इस मामले का मुख्य आरोपित ओम प्रकाश शर्मा अभी भी फरार चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपितों पर हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में मृतक के पुत्र अभिमन्यु तिवारी द्वारा कराई गई प्राथमिकी में मुख्य आरोपित ओम प्रकाश शर्मा के अलावा चार अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया है।
प्राथमिकी के बाद से पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। सासाराम डीएसपी दो संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
रोहतास के करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में सोमवार की देर रात पांच लोगों ने जनार्दन तिवारी की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि मरने और मारने वाले दोनों पक्ष नशे में थे।
पुलिस ने बताया कि किसी बात को लेकर नशे की हालत में दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और फिर इस घटना को अंजाम दिया गया। सासाराम डीएसपी-दो संजीव कुमार ने बताया कि जनार्दन तिवारी की हत्या ईंट-पत्थरों से वार करने और गला दबाकर की गई है।
सबूत छिपाने के लिए शव को घटनास्थल से उठाकर दूसरी जगह फेंक दिया गया। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण टहलने निकले तो उन्होंने शव देखा, जिसके बाद यह खबर पूरे गांव में फैल गई।
यह भी पढ़ें- मातम में बदला त्योहार का जश्न: रोहतास में जनार्दन की हत्या से पसरा सन्नाटा, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट
यह भी पढ़ें- रोहतास: साथ बैठकर पी थी शराब, विवाद बढ़ा तो ईंट से कुचलकर मार डाला; जनार्दन तिवारी हत्याकांड में पुलिस का खुलासा
