विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिंडदान करने गयाजी जा रहे हैं? हाटे-बाजारे एक्सप्रेस से जाएं, सुपौल-सहरसा; पूर्णिया और मधेपुरा होकर गुजरेगी

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:42 AM (IST)

Purnea Gaya Hate Bazare Express Pitrupaksha: पूर्णिया से गया जाने वाले पिंडदानियों के लिए अच्छी खबर है। हाटे-बाजारे एक्सप्रेस अब ...और पढ़ें

Purnea Gaya Hate Bazare Express Pitrupaksha: पितृपक्ष में पिंडदान के लिए गया जाना हुआ आसान

Purnea Gaya Hate Bazare Express Pitrupaksha: पितृपक्ष में पिंडदान के लिए गया जाना हुआ आसान

HighLights

  1. पूर्णिया से गया के लिए सीधी रेल सेवा शुरू।

  2. हाटे-बाजारे एक्सप्रेस पितृपक्ष श्रद्धालुओं के लिए मुफीद।

  3. पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर टिकट आरक्षण में वृद्धि।

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnea Gaya Hate Bazare Express Pitrupaksha: सीमांचल के प्रमुख केंद्र पूर्णिया को भले ही हाल के दिनों में हवाई सेवा का बड़ा उपहार मिल चुका हो, लेकिन लंबी दूरी की रेल सेवाओं के मामले में जिला आज भी काफी पिछड़ा हुआ है।

विशेष रूप से प्रमुख धार्मिक स्थलों, पर्यटन केंद्रों और देश के बड़े महानगरों के लिए यहां से सीधी ट्रेनों का घोर अभाव है।इस बीच आगामी 26 सितंबर से शुरू हो रहे आस्था के महापर्व पितृपक्ष को लेकर जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए गया जी जाकर पिंडदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए हाटे-बाजारे एक्सप्रेस इस बार सबसे सुगम और मुफीद साधन साबित हो रही है।

गौरतलब है कि पूर्व में पूर्णिया से सीधे गया के लिए पर्याप्त बस या सीधी रेल सेवा न होने के कारण लोगों को कई बार गाड़ियां बदलनी पड़ती थीं या फिर कटिहार, भागलपुर व पटना जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी।

यात्रा की इन्हीं दुश्वारियों के चलते बहुत से श्रद्धालु चाहकर भी गया नहीं जा पाते थे। अब हाटे-बाजारे एक्सप्रेस का परिचालन पूर्णिया होकर होने से श्रद्धालुओं को सीधी राहत मिली है और वे बिना किसी भागदौड़ के सीधे गया पहुंच रहे हैं।

सालों से टल रही यात्रा अब हुई मुमकिन

स्थानीय भट्ठा बाजार निवासी किशोर चौधरी बताते हैं कि वे बीते कई वर्षों से अपने पूर्वजों के पिंडदान के लिए गया जी जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन सीधी और सुविधाजनक यात्रा व्यवस्था न होने की वजह से हर बार कार्यक्रम टल जाता था।

इस बार पूर्णिया से हाटे-बाजारे एक्सप्रेस की सीधी सुविधा मिलने के कारण उन्होंने पहले ही टिकट आरक्षित करा लिया है और अब सपरिवार पिंडदान के लिए रवाना होंगे।

पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर आरक्षण खिड़की पर बढ़ी भीड़

पितृपक्ष की तिथि नजदीक आते ही रेलवे स्टेशनों पर भी हलचल तेज हो गई है। पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के प्रबंधक के अनुसार, 26 सितंबर से शुरू हो रहे पितृपक्ष मेले के मद्देनजर गया रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है।

हाटे-बाजारे एक्सप्रेस में टिकट आरक्षित कराने की होड़ मची हुई है, जिससे अचानक आरक्षण काउंटरों पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। रेल प्रशासन भी यात्रियों की सुविधा और सुचारू टिकट वितरण को लेकर सतर्कता बरत रहा है।

यह भी पढ़ें- पटना राजेंद्र पुल समेत पांच जगह काम का असर, आज 14 ट्रेनें रद और 30 डायवर्ट; सफर से पहले चेक करें स्टेटस

यह भी पढ़ें- बिहार में पितृपक्ष और त्योहारों में बढ़ेगा ट्रेनों का परिचालन, विक्रमशिला-कटोरिया के बीच बनेगा नया रेल पुल