पटना राजेंद्र पुल समेत पांच जगह काम का असर, आज 14 ट्रेनें रद और 30 डायवर्ट; सफर से पहले चेक करें स्टेटस
मोकामा में नए रेल पुल के काम के कारण राजेंद्र पुल सहित पांच जंक्शनों पर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे ...और पढ़ें

मोकामा-हावड़ा से पटना-जयनगर तक ट्रेनें रद
HighLights
मोकामा रेल पुल कार्य से ट्रेनें प्रभावित हुईं।
मंगलवार को 14 ट्रेनें रद्द, 30 का मार्ग बदला गया।
यात्री यात्रा से पहले ट्रेन स्टेटस जांच लें।
जागरण संवाददाता, पटना। मोकामा में गंगा नदी पर बने नए रेल पुल को शुरू करने से पहले राजेंद्र पुल, हथिदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया जंक्शन पर रेल परिचालन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। मंगलवार को इन कार्यों के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दानापुर और सोनपुर मंडल में प्री-इंटरलाकिंग (प्री-एनआइ) और नान-इंटरलाकिंग (एनआइ) कार्य की योजना बनाई गई है।
14 ट्रेनें रद, 30 का बदला रूट
रेलवे के अनुसार मंगलवार को 14 ट्रेनों को रद किया गया है, जबकि 30 ट्रेनों का परिचालन डायवर्ट रूट से किया जाएगा। इन कार्यों के दौरान ट्रैक, प्वाइंट, सिग्नल और परिचालन व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
ऐसे में ट्रेनों का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए कई सेवाओं को अस्थायी रूप से रद करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। खासकर पटना, मोकामा, किऊल, जयनगर, सहरसा, हावड़ा, आरा और बनारस रूट के यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले जानकारी देखनी चाहिए।
मोकामा-हावड़ा से पटना-जयनगर तक ट्रेनें रद
22 सितंबर को रद ट्रेनों में 13030 मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस शामिल है। 13227 सहरसा-राजेंद्रनगर इंटरसिटी और 13228 राजेंद्रनगर-सहरसा इंटरसिटी का परिचालन भी नहीं होगा।
मिथिलांचल और पटना के बीच महत्वपूर्ण 15527 जयनगर-पटना एक्सप्रेस तथा 15528 पटना-जयनगर एक्सप्रेस भी रद रहेंगी।
इसके अलावा 63275 किऊल-पटना मेमू फास्ट पैसेंजर और 63276 पटना-किऊल मेमू फास्ट पैसेंजर भी नहीं चलेंगी। इससे पटना और किऊल के बीच दैनिक सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
मेमू, एक्सप्रेस के साथ गरीब रथ भी प्रभावित
कार्य के कारण 63204 मोकामा-किऊल मेमू और 63229 आरा-बनारस मेमू भी रद रहेगी। वहीं 13029 हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस और 13031 हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।
13032 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस और 13127 कोलकाता टर्मिनल-आरा गरीब रथ एक्सप्रेस को भी 22 सितंबर को रद किया गया है। 14003 मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस का परिचालन भी इस दिन नहीं होगा।
सुरक्षा के लिए रोकी गई ट्रेनों की आवाजाही
रेलवे के मुताबिक राजेंद्र पुल, हथिदह जंक्शन अपर, टाल और रामपुर डुमरा के साथ दिनकर ग्राम सिमरिया जंक्शन पर किए जा रहे कार्य परिचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। प्री-एनआइ के बाद एनआइ के दौरान रेल परिचालन से जुड़े सिस्टम को अंतिम रूप दिया जाता है।
इस दौरान ट्रैक, सिग्नल और अन्य परिचालन व्यवस्थाओं में बदलाव होने के कारण सामान्य ट्रेन संचालन बनाए रखना सुरक्षा की दृष्टि से संभव नहीं होता। इसी वजह से पहले से ट्रेनों को रद और डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है।
पटना से लेकर जयनगर तक यात्रियों पर असर
22 सितंबर को पटना, मोकामा, किऊल, जयनगर, सहरसा, हावड़ा, आरा और बनारस के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
दैनिक यात्रियों के साथ इंटरसिटी और मेमू ट्रेनों पर निर्भर यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन या यात्रा की तारीख में बदलाव करना पड़ सकता है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन पहुंचने से पहले NTES या RailOne ऐप पर अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।
रद ट्रेनों की पूरी सूची
- 13030 मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस
- 13227 सहरसा-राजेंद्रनगर इंटरसिटी
- 13228 राजेंद्रनगर-सहरसा इंटरसिटी
- 14003 मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस
- 15527 जयनगर-पटना एक्सप्रेस
- 15528 पटना-जयनगर एक्सप्रेस
- 63204 मोकामा-किऊल मेमू
- 63229 आरा-बनारस मेमू
- 63275 किऊल-पटना मेमू फास्ट पैसेंजर
- 63276 पटना-किऊल मेमू फास्ट पैसेंजर
- 13029 हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस
- 13031 हावड़ा-जयनगर एक्सप्रेस
- 13032 जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस
- 13127 कोलकाता टर्मिनल-आरा गरीब रथ एक्सप्रेस
