पूर्णिया में प्रेमिका के घर पहुंचे युवक को पकड़ा; छुड़ाने गई पुलिस पर ग्रामीणों का हमला, SI गंभीर, 7 पहुंचे सलाखों के पीछे
Purnia Love Affair Police Attacked: पूर्णिया के बड़हरा कोठी में प्रेम-प्रसंग के मामले में बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाने ...और पढ़ें

Purnia Love Affair Police Attacked: पुलिस टीम पर हमला; SI समेत 3 पुलिसकर्मी घायल
HighLights
प्रेम प्रसंग में बंधक युवक को छुड़ाने गई पुलिस पर हमला।
हमले में सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हुए।
पुलिस ने सात उपद्रवियों को गिरफ्तार कर युवक को बचाया।
संवाद सूत्र, बड़हरा कोठी (पूर्णिया)। Purnia Love Affair Police Attacked: पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत भटोत्तर गांव स्थित गोढ़ी टोला में बुधवार की रात प्रेम-प्रसंग के एक मामले ने उस समय हिंसक मोड़ ले लिया, जब बंधक बनाए गए युवक को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला बोल दिया।
इस अचानक हुए हमले में सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) मनीष कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, उनके साथ मौजूद सिपाही समीर अख्तर और शिव कुमार मंडल को भी काफी चोटें आई हैं। पुलिस बल ने भारी मशक्कत के बाद बंधक युवक को सकुशल बरामद करते हुए सात उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रात के अंधेरे में मिलने पहुंचा था युवक, परिजनों ने बनाया बंधक
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ है। केहाट थाना क्षेत्र का रहने वाला 22 वर्षीय ऋषभ राज बुधवार की रात चुपके से भटोत्तर गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने आया हुआ था। इसी दौरान लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया और कमरे में बंद कर बंधक बना लिया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने युवक के घरवालों को फोन कर उसके पकड़े जाने की सूचना दी।
अपने बेटे के पकड़े जाने की बात सुनकर युवक के स्वजनों ने स्थिति को भांपते हुए कानूनी दांवपेंच चला और मामले को घुमाते हुए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर कॉल कर दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया है और उसे भटोत्तर गांव में छिपाकर रखा गया है।
जांच को पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों का धावा, एसआई लहूलुहान
अपहरण जैसी गंभीर सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय बड़हरा कोठी थाने की गश्ती टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए भटोत्तर गांव स्थित अनिल साहनी उर्फ विशेश्वर मंडल के घर जांच करने पहुंच गई। पुलिस को देखते ही गृहस्वामी और उनके समर्थक ग्रामीण उग्र हो गए। बिना बातचीत किए दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडे व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। हमले में एसआई मनीष कुमार के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जबकि दोनों सिपाही भी घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सन्नी कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ते हुए स्थिति को काबू में किया और बंधक बनाए गए युवक ऋषभ राज को सुरक्षित छुड़ाया। तीनों घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
26 नामजद व 150 पर केस, सात आरोपित न्यायिक हिरासत में
बड़हरा कोठी थानाध्यक्ष सन्नी कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला करने, पुलिसकर्मियों को जख्मी करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 26 लोगों को नामजद और करीब 150 अज्ञात ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके से त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों—बिक्रम, बिकास, गोपाल, अमरेंद्र, महेश, कुंदन और सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। घटना में शामिल अन्य फरार नामजद और अज्ञात उपद्रवियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।