विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया में खेतों में लहलहाने लगा मक्का, मगर धान खरीद के लिए अब तक नहीं खुला पैक्स का दरवाजा

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:07 AM (IST)

पूर्णिया जिले में धान खरीद की प्रक्रिया धीमी है, जहां नवंबर से शुरू होने के बावजूद सौ किसानों से भी खरीद नहीं हो पाई है। पैक्सों की उदासीनता और मांगों के चलते किसान औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें मक्का बुवाई के लिए पूंजी मिल सके।

पूर्णिया क्षेत्र में धान की फसल और मक्का की बुआई की तैयारी करते किसान

पूर्णिया क्षेत्र में धान की फसल और मक्का की बुआई की तैयारी करते किसान

HighLights

  1. पूर्णिया में धान खरीद नवंबर से शुरू पर धीमी गति।

  2. पैक्सों की उदासीनता से किसान कम दाम पर बेच रहे धान।

  3. मक्का बुवाई के लिए पूंजी हेतु किसान मजबूरन बिक्री।

संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया जिले में फाइलों पर भले ही एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हो गई हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि महीने के समापन के करीब पहुंचने के बावजूद जिले के 14 प्रखंडों में सौ किसानों से भी धान की खरीद नहीं की जा सकी है। पैक्सों की उदासीनता और खींचतान के चलते इस बार धान खरीद की गति बेहद धीमी बनी हुई है।

स्थिति यह है कि जिन खेतों में पहले धान की फसल खड़ी थी, वहां अब मक्का लग चुका है, लेकिन पैक्सों में खरीद प्रक्रिया रफ्तार नहीं पकड़ सकी। पैक्सों के इस रुख का असर खुले बाजार और मंडी पर भी दिख रहा है, जहां नरमी का माहौल है। मंडी में धान करीब 2,200 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है, जबकि गांवों में छोटे व्यापारी किसानों से औसतन 2,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीद रहे हैं।

अगता मक्का के लिए पूंजी की मजबूरी, 50 फीसदी तक पहुंचा अगता धान

जिले में मक्का की बुआई 15 नवंबर के आसपास गति पकड़ लेती है। किसान अगता मक्का लगाने के लिए अगता धान की खेती करते हैं। कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्णिया में अगता धान का रकवा कुल धान खेती के 50 प्रतिशत तक पहुंच चुका है और अगता धान वाले खेतों में मक्का के पौधे लहलहाने लगे हैं।

स्थानीय किसान हरदेव यादव बताते हैं कि मक्का की बुआई के लिए आवश्यक पूंजी जुटाने हेतु अधिकांश किसान धान या जूट पर निर्भर रहते हैं। इस बार जूट की खेती कम होने से किसानों की पूरी निर्भरता धान पर थी।

वे पैक्सों के इंतजार में अपनी मक्का की फसल को पछता नहीं कर सकते थे, इसलिए अधिकांश किसानों को पहले ही धान बेचना पड़ा। पछता धान भी लगभग तैयार हो चुका है और मंडी पहुंचने लगा है, जबकि 30 नवंबर तक मक्का की बुआई भी काफी हद तक पूरी होने की स्थिति है।

मांगों पर अडिग पैक्स अध्यक्ष, लाभ से वंचित होने की आशंका

जिले के पैक्स अध्यक्ष अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। विभागीय निर्देशों के बावजूद पैक्स स्तर पर धान खरीद को लेकर उदासीनता बनी हुई है। पैक्स अध्यक्ष कैश क्रेडिट (CC) पर ब्याज देने के लिए तैयार नहीं हैं।

इसके अलावा राज्य खाद्य निगम (SFC) द्वारा भुगतान में होने वाली देरी को लेकर भी उनमें नाराजगी है। धान की कुटाई और परिवहन/किराया के मुद्दे पर भी पैक्स अध्यक्षों और विभाग के बीच गतिरोध बना हुआ है।

किसान किशोर मंडल का कहना है कि यदि पैक्सों में धान की खरीद देर से शुरू भी होती है, तो इसका सीधा फायदा छोटे व जरूरतमंद किसानों के बजाय या तो आर्थिक रूप से संपन्न किसानों को मिलेगा या फिर परोक्ष रूप से व्यापारियों को।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया के ऐतिहासिक जलालगढ़ किले की जमीन पर भू-माफिया की नजर, वर्षों से अधूरी है पर्यटन केंद्र की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।