पूर्णिया के ऐतिहासिक जलालगढ़ किले की जमीन पर भू-माफिया की नजर, वर्षों से अधूरी है पर्यटन केंद्र की मांग
Jalalgarh Fort Purnia Encroachment History: पूर्णिया के ऐतिहासिक जलालगढ़ किले की जमीन पर भू-माफिया की नजर होने से स्थानीय लोग चिंतित हैं। वे जिला प्रशासन से किले की सुरक्षा और अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, साथ ही इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पुरानी मांग भी अधूरी है।

ऐतिहासिक जलालगढ़ किले के बाहर लगा बिहार सरकार का बोर्ड. जागरण
HighLights
भू-माफिया की नजर में पूर्णिया का ऐतिहासिक जलालगढ़ किला।
स्थानीय लोग किले की सुरक्षा और अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग कर रहे।
पर्यटन स्थल बनाने की 2012 से अधूरी मांग फिर उठी।
संस,जलालगढ़ (पूर्णिया)। Jalalgarh Fort Purnia Encroachment History: पूर्णिया जिले की ऐतिहासिक धरोहर और पहचान माने जाने वाले जलालगढ़ किले की जमीन पर भू-माफिया की नजर होने की आशंका ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से समय रहते किले और उसके आसपास की भूमि की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलालगढ़ किला महज ईंट-पत्थर की पुरानी इमारत नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और गौरव का प्रतीक है, जिसकी सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाने की जरूरत है।
16वीं शताब्दी का इतिहास और सैयद जलालुद्दीन खां का योगदान
पूर्णिया के पहले गजेटियर (केपीएस मेनन, 1911 ई.) के विवरण के अनुसार, इस ऐतिहासिक किले का निर्माण खगड़ा (किशनगंज) के पहले राजा सैयद मोहम्मद जलालुद्दीन खां ने कराया था। बताया जाता है कि उन्हें 'राजा' की उपाधि मुगल बादशाह जहांगीर ने प्रदान की थी। जानकारों के मुताबिक, 16वीं शताब्दी में इस किले को सीमा क्षेत्र की सुरक्षा और मोरंग-नेपाल इलाके के लुटेरों से यात्रियों की हिफाजत के उद्देश्य से बनाया गया था।
-1795707388960.webp)
क्षेत्र के बुजुर्गों के अनुसार, इस स्थान का नामकरण किले के राजा सैयद मोहम्मद जलालुद्दीन खां के नाम पर हुआ। उस दौर में नेपाल की सीमा जलालगढ़ तक मानी जाती थी, जिसके चलते रणनीतिक तौर पर यहां सैनिक छावनी के रूप में किले का निर्माण कराया गया था।
छह एकड़ का परिसर, दीवारें और ऐतिहासिक मान्यताएं
लगभग छह एकड़ क्षेत्रफल में फैला यह विशाल परिसर आयताकार दीवारों से घिरा हुआ है। दीवारों की लंबाई पूरब से पश्चिम लगभग 550 फीट और दक्षिण से उत्तर करीब 400 फीट है, जबकि ये दीवारें सात फीट मोटी और लगभग 22 फीट ऊंची हैं।
इनका निर्माण सुर्खी और चूने के गारे से किया गया है। किले का मुख्य प्रवेश द्वार पूरब दिशा में है (ऊंचाई नौ फीट, चौड़ाई 13 फीट), जबकि दक्षिण दिशा में निकासी द्वार है (ऊंचाई सात फीट, चौड़ाई साढ़े पांच फीट)। इसके चारों कोनों पर अर्धचंद्राकार कमरे बने हैं।
किले के संरक्षण और जीर्णोद्धार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर 2003 से जुड़े उल्लेख भी सामने आते हैं। स्थानीय निवासी नाथो यादव के अनुसार, किले से जुड़ी लगभग एक सौ एकड़ जमीन का जिक्र आता है, जिस पर तथा किले के आंतरिक हिस्से में लोगों द्वारा खेती किए जाने की स्थिति है। उनके मुताबिक, किले के द्वार पर भारी लकड़ी के चौखट और किवाड़ 1962 ई. तक देखे गए थे।
किले के पूरब में कोसी नदी के माध्यम से इसका संपर्क मुर्शिदाबाद के नवाब से जुड़े होने की बात कही जाती है। लोकश्रुतियों के अनुसार, परमान नदी के खाता से किले तक एक सुरंग होने की मान्यता है, वहीं इतिहास में यह उल्लेख भी मिलता है कि पहले नेपाल की सीमा गंगा किनारे तक जाती थी, जिसे तत्कालीन नवाबों ने संघर्ष के जरिए जोगबनी तक पहुंचाया।
2012 की सेवा यात्रा और जांच-कार्रवाई की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी सेवा यात्रा के क्रम में पांच जनवरी 2012 को जलालगढ़ किला पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. एन. सरवण कुमार और प्रमंडलीय आयुक्त ब्रजेश मेहरोत्रा से किले की स्थिति और इतिहास के बारे में जानकारी ली थी तथा इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की बात कही थी। हालांकि, इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अपेक्षित ठोस पहल अभी तक नहीं हो सकी है।
अब स्थानीय लोगों ने किले की धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन किले और उससे संबंधित भूमि की विधिवत जांच कराए तथा जहां भी अवैध कब्जे या अतिक्रमण की पुष्टि हो, वहां दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।