विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीमांचल के युवाओं को रोजगार की सौगात, पूर्णिया मेले में 3 हजार चयनित, सांसद पप्पू यादव ने सौंपे ऑफर लेटर

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:16 AM (GMT+05:30)

पूर्णिया और सीमांचल में सांसद पप्पू यादव की पहल पर आयोजित रोजगार मेले में 3 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिली। विभिन्न कंपनियों ने चयन किया, और सांसद ने चयनितों को ऑफर लेटर सौंपे, जिससे क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।

नियुक्ति पत्र के साथ छात्र-छात्राएं व सांसद पप्पू यादव. जागरण

नियुक्ति पत्र के साथ छात्र-छात्राएं व सांसद पप्पू यादव. जागरण

HighLights

  1. सांसद पप्पू यादव की पहल पर पूर्णिया में रोजगार मेला।

  2. 3 हजार से अधिक युवाओं को मिले नौकरी के अवसर।

  3. कौशल विकास, बेहतर वेतन पर सांसद ने दिया जोर।

संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आयोजित रोजगार मेले में 3 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित इस मेले में विभिन्न कंपनियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया और सांसद पप्पू यादव ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे।

इस रोजगार मेले में एप्पल, ब्लिंकिट, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई सहित कई नामी कंपनियों ने युवाओं को नौकरी के अवसर दिए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्णिया, सीमांचल और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को एक ही मंच पर कंपनियों से जोड़कर रोजगार दिलाना रहा।

कौशल विकास, बेहतर वेतन और बेटियों के आत्मनिर्भर होने पर जोर

इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी परिवार की आर्थिक स्थिति बदलने, आत्मसम्मान बढ़ाने और भविष्य सुरक्षित करने का आधार है। उन्होंने वैश्विक शांति और मानवता का जिक्र करते हुए कहा कि इतिहास में अनेक युद्ध हुए और लाखों लोगों की जान गई, इसलिए हमें ऐसी दुनिया बनाने की जरूरत है जहां विनाश के बजाय निर्माण, हिंसा के बजाय शांति और संघर्ष के बजाय मानवता को प्राथमिकता मिले।

सांसद ने कहा कि देश की प्रगति और अर्थव्यवस्था पर चर्चा करते समय गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के जीवन को केंद्र में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के पास संपत्ति या गारंटी नहीं होने से उन्हें बैंक से ऋण नहीं मिल पाता, जिससे वे क्षमता होने के बावजूद छोटा व्यवसाय शुरू नहीं कर पाते।

Purnea Job Fair 3k Youth Get Jobs Pappu Yadav Hands Offers

आम लोगों की क्रय शक्ति को अर्थव्यवस्था का अहम आधार बताते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और आर्थिक सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है। ग्रामीण इलाकों की गरीबी, बाढ़ के दौरान भोजन-पानी की समस्या और बीमारी में इलाज के खर्च का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए छोटी आर्थिक दिक्कत भी बड़ा संकट बन जाती है।

पप्पू यादव ने यह भी कहा कि केवल नौकरी मिल जाना पर्याप्त नहीं है; यदि किसी युवा को 16-18 हजार रुपये मासिक वेतन मिले और अधिकांश राशि किराया, भोजन व अन्य खर्चों में चली जाए, तो परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन होता है।

इसलिए युवाओं को बेहतर वेतन, कौशल विकास, पदोन्नति और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने रोजगार को तकनीकी शिक्षा, आईटी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और आधुनिक कौशल से जोड़ने की जरूरत बताई तथा बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया।

पूर्णिया में तीसरी बार आयोजित हुआ रोजगार मेला

सांसद ने युवाओं से अपनी क्षमता पर विश्वास रखने, निरंतर सीखने और परिश्रम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के जरिए अधिक से अधिक कंपनियों को एक मंच पर लाने का प्रयास जारी है, ताकि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े और उनके जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव आ सके।

उल्लेखनीय है कि सांसद पप्पू यादव की पहल पर पूर्णिया में यह तीसरा रोजगार मेला आयोजित किया गया है। इससे पहले भी दो रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें- सांसद पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी गड्ढे में गिरी, कटिहार-सोनौली मार्ग पर हादसा; 5 लोग घायल

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।