विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया के अमौर में नदी पार करने की मजबूरी, सिमलबाड़ी घाट पर पुल नहीं, चार पंचायतों के लोग नाव के सहारे

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:24 AM (GMT+05:30)

पूर्णिया के अमौर में सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी पर पुल न होने से चार पंचायतों के लोग नाव से आवागमन को मजबूर हैं, जिससे जान का जोखिम बना रहता है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से शीघ्र पुल निर्माण की मांग की है, ताकि सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।

अमौर के सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी में नाव से आवागमन करते ग्रामीण

अमौर के सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी में नाव से आवागमन करते ग्रामीण

HighLights

  1. सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी पर पुल निर्माण की मांग जोर पकड़ी।

  2. चार पंचायतों के लोग नाव से आवागमन को मजबूर, जान का जोखिम।

  3. ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से शीघ्र पुल निर्माण की गुहार लगाई।

संस, अमौर (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत तालबाड़ी पंचायत के सिमलबाड़ी घाट पर कनकेई नदी के ऊपर पुल निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

पुल के अभाव में आसपास की चार पंचायतों के लोग पूरे साल नाव के सहारे नदी पार करने को विवश हैं, जिससे उनके आवागमन के दौरान हर समय जान का जोखिम बना रहता है।

सड़क बनी पर पुल नहीं, मरीजों और रिश्तों पर भी असर

ताराबाड़ी पंचायत के पूर्व मुखिया नैयर आलम, हफनिया पंचायत के पूर्व मुखिया मो. हबजूल, डहुआबाड़ी पंचायत के मुखिया राजेश हरिजन सहित दर्जनों ग्रामीणों ने बताया कि घाट के दोनों छोर पर मुख्यमंत्री सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन बीच में पुल नहीं होने से लोगों का आना-जाना बेहद कठिन है।

ग्रामीणों के मुताबिक, पुल न होने का असर रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ सामाजिक मामलों पर भी पड़ रहा है। शादी-विवाह के आयोजनों से लेकर गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने तक में भारी कठिनाई होती है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि आवागमन की दुर्गमता के कारण बच्चों के लिए अच्छे परिवारों में रिश्ते तय करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बाढ़-बरसात में बढ़ता संकट, मुख्यमंत्री से पहल की गुहार

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात और बाढ़ के दिनों में जब नाव उपलब्ध नहीं हो पाती या बाढ़ के दौरान नावों का परिचालन बंद कर दिया जाता है, तब मरीजों को समय पर इलाज के लिए ले जाना लगभग असंभव हो जाता है। ऐसे हालात में उचित उपचार के अभाव में मरीजों की जान जाने तक का खतरा मंडराता रहता है।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से कनकेई नदी के सिमलबाड़ी घाट पर शीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि चार पंचायतों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में खेतों में लहलहाने लगा मक्का, मगर धान खरीद के लिए अब तक नहीं खुला पैक्स का दरवाजा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।