विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया: 400 फर्जी सिम से 20 राज्यों में साइबर ठगी का नेटवर्क, मधेपुरा का मिथिलेश गिरफ्तार, 40 सिम व मोबाइल जब्त

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:40 AM (IST)

पूर्णिया साइबर पुलिस ने 400 से अधिक फर्जी सिम बेचकर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मधेपुरा के मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार कर 40 सिम और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिसके खिलाफ 18 राज्यों में मामले दर्ज हैं।

एआई द्वारा जेनरेट की गई इमेज

एआई द्वारा जेनरेट की गई इमेज

HighLights

  1. पूर्णिया साइबर पुलिस ने फर्जी सिम गिरोह का भंडाफोड़ किया।

  2. मिथिलेश कुमार ने 400 से अधिक फर्जी सिम बेचे।

  3. 18 राज्यों में 200 से अधिक साइबर ठगी के मामले।

राजीव कुमार, पूर्णिया। पलक झपकाते ही उपभोक्ताओं के नाम पर दूसरा सिम निकालकर साइबर ठगों को बेचने और धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पूर्णिया साइबर पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस ने मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर चौमुख गांव निवासी मिथिलेश कुमार को गिरफ्तार किया है।

पूर्णिया के बनमनखी रेलवे स्टेशन के पास और गांव-गांव घूमकर सिम बेचने वाला मिथिलेश अब तक 400 से अधिक फर्जी सिम साइबर ठगों को बेच चुका है। उसके विरुद्ध देश के 18 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों में साइबर ठगी के 200 से अधिक मामले दर्ज हैं।

दबिश देकर हिरासत में लिया गया, 40 सिम व फोन बरामद

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष कनिष्ठ श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घर पर दबिश देकर आरोपित को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान बिस्तर के नीचे रखे हैंडबैग से 40 सिम कार्ड व एक मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूर्णिया साइबर थाने लाकर गहन पूछताछ के बाद दारोगा धर्मेंद्र कुमार शर्मा के बयान पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

डीएसपी कनिष्ठ श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न साइबर अपराध शिकायतों व नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज मामलों के विश्लेषण, तकनीकी सत्यापन तथा उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण से यह नेटवर्क उजागर हुआ। आरोपित खुद भी मोबाइल में अलग-अलग सिम लगाकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

“फोटो सही नहीं आया” कहकर निकालता था दूसरा सिम

पूछताछ में मिथिलेश ने स्वीकार किया कि वह सिम जारी करने के लिए पहले उपभोक्ता का पहचान पत्र लेता और चेहरे की फोटो खींचते समय पलक झपकाने को कहता था। पलक झपकते ही पहला सिम निर्गत हो जाता, लेकिन वह झूठ बोल देता कि फोटो सही नहीं आया है।

दोबारा पलक झपकाने पर वह उसी उपभोक्ता के नाम से दूसरी कंपनी का दूसरा सिम निर्गत करा लेता और उसे साइबर ठगों को बेच देता था।

छत्तीसगढ़ से जम्मू-कश्मीर तक फैला था ठगी का जाल

इन फर्जी सिम से कुल 18 राज्यों व दो केंद्र शासित प्रदेशों में साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इनमें छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, झारखंड, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- एक करोड़ की डस्टबिन खरीद का दावा, खेत व गोहाल में पड़े मिले डस्टबिन, रिकॉर्ड में 42.75 लाख, पूर्णिया में उठे सवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।