विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक करोड़ की डस्टबिन खरीद का दावा, खेत व गोहाल में पड़े मिले डस्टबिन, रिकॉर्ड में 42.75 लाख, पूर्णिया में उठे सवाल

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:39 AM (IST)

पूर्णिया के जानकीनगर में डस्टबिन खरीद पर खर्च राशि में बड़ा अंतर सामने आया है; ऑनलाइन रिकॉर्ड 42.75 लाख रुपये दिखाता है जबकि अधिकारी 1 करोड़ रुपये खर्च का दावा कर रहे हैं। कई डस्टबिन टूटे, खेतों में पड़े या गायब मिले हैं, और कचरा उठाव अनियमित है, जिससे स्थानीय लोग पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

जानकीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में रखे डस्टबिन और सड़क किनारे कचरे

जानकीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में रखे डस्टबिन और सड़क किनारे कचरे

HighLights

  1. ऑनलाइन रिकॉर्ड में 42.75 लाख, अधिकारी ने 1 करोड़ खर्च बताया।

  2. 57.25 लाख रुपये का बड़ा वित्तीय अंतर सामने आया।

  3. कई डस्टबिन टूटे, खेतों में या मवेशियों के पास मिले।

लालमोहन, जानकीनगर (पूर्णिया)। नगर पंचायत जानकीनगर में डस्टबिन खरीद पर खर्च की गई राशि को लेकर ऑनलाइन वित्तीय अभिलेखों और कार्यपालक पदाधिकारी के बयान के बीच बड़ा अंतर सामने आया है।

वित्तीय वर्ष 2024-25 के ऑनलाइन ट्रायल बैलेंस में डस्टबिन मद में 42.75 लाख रुपये दर्ज हैं, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी आलोक शंकर ने खरीद पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही है।

पोर्टल पर कम राशि दर्ज होने की बात संज्ञान में लाने पर उन्होंने कहा कि लगता है कुछ राशि छूट गई है। दोनों आंकड़ों के बीच 57.25 लाख रुपये का अंतर दिख रहा है। ऑनलाइन दस्तावेज के पृष्ठ संख्या 57 पर डस्टबिन मद में 42,75,000 रुपये डेबिट और क्लोजिंग बैलेंस में भी इतनी ही राशि अंकित है। यह विवरण 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक की अवधि का है।

कहीं टूटे मिले डस्टबिन, कहीं खेतों व मवेशियों के नाद के पास

डस्टबिन की उपलब्धता और नियमित कचरा उठाव को लेकर स्थानीय नागरिकों ने कई शिकायतें की हैं। कई वार्डों में डस्टबिन की संख्या कम होने, क्षतिग्रस्त अवस्था में रहने और कचरे से भरे रहने की बात कही जा रही है। कुछ स्थानों पर डस्टबिन खेतों, झाड़ियों और मवेशियों के नाद के पास पड़े मिले हैं।

Janakinagar Dustbin Purchase 1 Cr Claim vs 42 Lakh Record (1)

वार्ड नंबर सात के साह टोला चौक के पास सड़क किनारे स्टील के दो डस्टबिन लगे देखे गए। स्थानीय निवासी नागेश्वर शाह और आशीष कुमार यादव के अनुसार, वार्ड में गिने-चुने स्थानों पर ही डस्टबिन हैं और साह टोला में लगे डस्टबिन से कचरे का नियमित उठाव नहीं हो पाता।

वहीं, वार्ड निवासी राजहंस यादव ने बताया कि ऋषिदेव टोला से दक्षिण कई जगहों पर डस्टबिन नहीं हैं और सफाईकर्मी भी नियमित नहीं पहुंचते। ऋषिदेव टोला में एक प्लास्टिक डस्टबिन खेत में और स्टील के दो डस्टबिन मवेशियों के नाद के पास झुकी स्थिति में मिले।

मुख्य बाजार और वार्डों में सफाई व्यवस्था पर सवाल

रेलवे स्टेशन के समीप अंबेडकर चौक पर एक प्लास्टिक डस्टबिन टूटा हुआ पाया गया। दुकानदार सत्यम कुमार ने बताया कि उसमें कई दिनों से कचरा जमा है। उनके मुताबिक, ट्रैक्टर से कचरा तो उठाया जाता है, लेकिन डस्टबिन का कचरा नहीं उठता। रेलवे ढाला से दक्षिण झालीघाट रोड पर सीएसपी संचालक लक्ष्मीकांत सिंह ने भी सड़क किनारे कचरा फैले रहने की शिकायत की।

Janakinagar Dustbin Purchase 1 Cr Claim vs 42 Lakh Record (2)

वार्ड नंबर एक के ब्राह्मण टोला निवासी रितेश पांडे ने कहा कि उनके घर के आसपास न तो डस्टबिन हैं और न ही स्ट्रीट लाइट; साथ ही नियमित सफाई भी नहीं होती। रेलवे ढाला से एनएच-107 तक मुख्य बाजार क्षेत्र में भी गिने-चुने डस्टबिन ही नजर आते हैं।

जनप्रतिनिधियों का बयान और पारदर्शिता की मांग

वार्ड 11 के पार्षद संतोष कुमार ने बताया कि उनके वार्ड में शुरुआत में लगभग 10 जगह 10 जोड़े प्लास्टिक के डस्टबिन लगाए गए थे, जिसके बाद सात से आठ स्थानों पर स्टील के डस्टबिन लगाए गए। वहीं, वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि मुकेश राम के अनुसार, उनके वार्ड में करीब छह जगह प्लास्टिक के छह जोड़े डस्टबिन रखे गए थे।

Janakinagar Dustbin Purchase 1 Cr Claim vs 42 Lakh Record (3)

अब क्षेत्र में डस्टबिन खरीद की कुल राशि, खरीदे गए डस्टबिन की संख्या, आपूर्ति करने वाली एजेंसी और वार्डवार वितरण का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग तेज हो गई है। बिल, भुगतान विवरण, स्टॉक रजिस्टर और वितरण सूची के साथ सभी वार्डों में डस्टबिन का भौतिक सत्यापन होने से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया के अमौर में नदी पार करने की मजबूरी, सिमलबाड़ी घाट पर पुल नहीं, चार पंचायतों के लोग नाव के सहारे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।