पूर्णिया में छठ घाट तोड़ने पर बवाल, बेलौरी-सोनौली मेन रोड जाम; भारी पुलिसबल तैनात
पूर्णिया के बिक्रमपुर पंचायत में छठ घाट को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
-1794755045425_m.webp)
छठ घाट तोड़ने पर बवाल। फोटो जागरण
HighLights
छठ घाट क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त।
गुस्साए ग्रामीणों ने बेलौरी-सोनौली मुख्य सड़क जाम की।
पुलिस ने दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिक्रमपुर पंचायत अंतर्गत परमानंदपुर रजवाड़ी टोला के वार्ड संख्या पांच में छठ घाट को क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन संध्या अर्घ्य संपन्न होने के बाद अज्ञात असामाजिक तत्वों ने छठ घाट को उजाड़ दिया।

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बेलौरी-सोनौली मुख्य सड़क मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ संध्या अर्घ्य दिया था। अर्घ्य संपन्न होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए।
इसी दौरान अज्ञात लोगों ने छठ घाट को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सड़क जाम के कारण बेलौरी-सोनौली मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शन में दिलीप कुमार, चुन्नू लाल रजवार, शेखर कुमार रजवार, अनंत रजवार, चंदन ऋषि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
-1794755270987.webp)
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम व सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर मौके पर पहुचकर जनप्रतिनिधियों की मदद से आक्रोशित लोगों को समझने के लिए प्रयासरत थे, लेकिन खबर लिखे जाने तक लोगों में आक्रोश इतना था कि कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे।
पुलिस बल तैनात
वहीं, मुफस्सिल थाना पुलिस भी दल बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती भी की गई।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छठ घाट को क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
जल्द ही आरोपितों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों से जाम समाप्त करने की अपील की गई।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर: जेल की चारदीवारी के भीतर छठ महापर्व की धूम, 41 बंदियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य