नदी पार करने में हर दिन जान का जोखिम, पूर्णिया के अमौर में परमान पर पुल नहीं, चचरी के सहारे जिंदगी
पूर्णिया के अमौर प्रखंड में परमान नदी पर पुल न होने से मंगलपुर और गंगली के ग्रामीण जान जोखिम में डालकर चचरी पुल से नदी पार करने को मजबूर हैं। करोड़ों की सड़क बनने के बावजूद पुल के अभाव में लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे बाढ़ के दौरान पांच पंचायतों का संपर्क टूट जाता है और ग्रामीणों ने स्थायी पुल की मांग की है।

परमान नदी पर बना चचरी पुल सहारे पार करते मंगलपुर एवं गंगली के ग्रामीण. जागरण
HighLights
अमौर में परमान नदी पर स्थायी पुल का अभाव।
ग्रामीण जान जोखिम में डालकर चचरी पुल से करते यात्रा।
बाढ़ में पांच पंचायतों का संपर्क टूट जाता है।
संस, अमौर (पूर्णिया)।पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड की पोठिया गंगेली पंचायत में मंगलपुर और गंगली के बीच परमान नदी पर पुल नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों को
गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग की ओर से अब तक पुल का निर्माण नहीं कराए जाने के कारण लोग ग्रामीणों के सहयोग से तैयार अस्थायी चचरी पुल के सहारे जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को विवश हैं।
करोड़ों की सड़क बनी, पर पुल के बिना अधूरा लाभ
इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों के साथ पंचायत के मुखिया राजेश कुमार, पूर्व मुखिया अखिलेश दास और समाजसेवी सूरज कुमार ने विभागीय उदासीनता के प्रति कड़ा आक्रोश जताया है। मुखिया राजेश कुमार ने बताया कि परमान नदी के दोनों छोर पर करोड़ों रुपये की लागत से मुख्यमंत्री पक्की सड़क का निर्माण तो कराया गया है, लेकिन बीच में पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को इस सड़क का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बाढ़ में बह जाता है चचरी पुल, पांच पंचायतों का संपर्क प्रभावित
मुखिया राजेश कुमार के अनुसार, बाढ़ की स्थिति में पुल के अभाव में लोगों को प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए दस किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। बरसात और बाढ़ के दिनों में आसपास की पांच पंचायतों का आवागमन संपर्क भी बाधित हो जाता है। बाढ़ के दौरान अस्थायी चचरी पुल बह जाने से हालात और विकट हो जाते हैं और लोगों का प्रखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट जाता है।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से इस महत्वपूर्ण समस्या पर संज्ञान लेने तथा मंगलपुर और गंगली के बीच परमान नदी पर जल्द से जल्द स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- सीमांचल के युवाओं को रोजगार की सौगात, पूर्णिया मेले में 3 हजार चयनित, सांसद पप्पू यादव ने सौंपे ऑफर लेटर