विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्णिया से अहमदाबाद का किराया 27 हजार, बागडोगरा से महज 8 हजार, हवाई सफर में यात्रियों की जेब पर भारी मार

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:52 PM (IST)

Purnia Airport Flight Fare Comparison: पूर्णिया एयरपोर्ट पर 14 महीने बाद भी सीमित उड़ानें और अत्यधिक किराया यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण दिल्ली, हैदराबाद जैसे शहरों के लिए किराया बागडोगरा से कई गुना अधिक है, जिससे 'हवाई चप्पल' वाले यात्रियों का सपना अधूरा है।

पूर्णिया एयरपोर्ट. जागरण

पूर्णिया एयरपोर्ट. जागरण

HighLights

  1. पूर्णिया एयरपोर्ट पर 14 माह बाद भी सीमित उड़ानें जारी।

  2. दिल्ली, अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए किराया बहुत अधिक।

  3. बुनियादी सुविधाओं की कमी से यात्री परेशान, बागडोगरा विकल्प।

प्रकाश वत्स, पूर्णिया। Purnia Airport Flight Fare Comparison: यात्रियों की संख्या के लिहाज से पूर्णिया एयरपोर्ट ने भले ही गयाजी को पछाड़कर बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है, लेकिन उद्घाटन के 14 माह के सफर के बाद भी यहां से अधूरे अरमानों के साथ ही उड़ानें भरी जा रही हैं।

कोसी और सीमांचल की बड़ी आबादी की उम्मीदें अब तक पूरी नहीं हो पाई हैं। शुरुआत के समय जिन चार शहरों—दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए उड़ानें शुरू हुई थीं, 14 महीने बीतने के बाद भी यह सिलसिला पांचवें शहर तक नहीं पहुंच सका है।

वर्तमान में आगमन और प्रस्थान को मिलाकर कुल दस विमानों का ही परिचालन हो रहा है। एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही मुंबई और बंगलौर के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग लगातार उठ रही है, लेकिन इस दिशा में अब तक सिर्फ दिलासा ही मिला है।

इसका सबसे प्रमुख कारण एयरपोर्ट के पास बुनियादी संसाधनों की कमी है। यह एयरपोर्ट आज भी चुनापुर सैन्य हवाई अड्डे के संसाधनों के भरोसे संचालित हो रहा है और इसका अपना स्वतंत्र एप्रन (Apron) तक तैयार नहीं हो पाया है। पोर्टा केबिन के सहारे शुरू हुई व्यवस्था अब भी स्थायी निर्माण की राह देख रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी दबी जुबान में स्वीकार करते हैं कि संसाधनों की कमी ही उड़ानों की सीमित संख्या की मुख्य वजह है।

महंगे किराए से परेशान यात्री भाग रहे बागडोगरा और मधुबनी

सीमांचल की हृदय स्थली माना जाने वाला पूर्णिया तेजी से शहरीकरण और औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। मक्का के वृहद उत्पादन, उत्तर बिहार की सबसे बड़ी गल्ला मंडी, मेडिकल कॉलेज, नामचीन शिक्षण संस्थानों और नए खुले फाइव स्टार होटलों ने इस शहर की तस्वीर बदल दी है। अररिया, किशनगंज, कटिहार और कोसी के जिलों से भी यात्रियों का भारी दबाव पूर्णिया एयरपोर्ट पर रहता है।

मांग के अनुरूप फ्लाइट की संख्या नहीं होने के कारण यहां का हवाई किराया आसमान छू रहा है। त्योहारी सीजन में दिल्ली का किराया 20 हजार रुपये तक पहुंच गया था।

यही हाल हैदराबाद, अहमदाबाद और कोलकाता के किराए का भी है। यहां से करीब 160 किलोमीटर दूर स्थित बागडोगरा एयरपोर्ट की तुलना में पूर्णिया का किराया दोगुने से भी अधिक रहता है। ऐसे में निम्न मध्यम वर्ग के यात्री मजबूरन बागडोगरा या मधुबनी का रुख करते हैं।

पूर्णिया बनाम बागडोगरा एयरपोर्ट: तुलनात्मक किराया

शहर पूर्णिया एयरपोर्ट (किराया) बागडोगरा एयरपोर्ट (किराया)
दिल्ली 15,000 6,084
हैदराबाद 17,000 8,537
कोलकाता 6,000 5,685
अहमदाबाद 27,000 8,000

जमीन पर नहीं उतरी 'हवाई चप्पल वाले के हवाई सफर' की परिकल्पना

पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, जिससे पूरे सीमांचल में उत्साह की लहर दौड़ गई थी। मंच से जब प्रधानमंत्री ने कहा था कि अब 'हवाई चप्पल वाले भी हवाई सफर करेंगे', तो इसकी गूंज गांव-गांव तक पहुंची थी।

इसकी बड़ी वजह यह है कि इस इलाके के लगभग चार लाख लोग रोजी-रोटी के सिलसिले में देश के विभिन्न महानगरों और बड़े शहरों में काम करते हैं।

एयरपोर्ट शुरू होने पर इन प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों को उम्मीद बंधी थी कि अब वे कम समय और सहजता से घर आ-जा सकेंगे। लेकिन उड़ानों की कमी और बेलगाम किराए ने आम लोगों के इस सपने और उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।

यह भी पढ़ें- दो महीने पहले बने थे दारोगा, बीमारी में नहीं मिली छुट्टी: मौत के बाद पत्नी के आरोपों पर मुंगेर एसपी ने बैठाई जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।