इलाज के लिए मांगते रहे छुट्टी, नहीं पसीजे अफसर; मुंगेर में ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से दारोगा की मौत
मुंगेर के लड़ैयाटांड़ थाने में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर रणधीर कुमार की पटना में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

सब इंस्पेक्टर रणधीर कुमार। फाइल फोटो
HighLights
बीमार दारोगा रणधीर कुमार की इलाज के दौरान मौत।
पत्नी ने छुट्टी न मिलने का आरोप लगाया।
पुलिस पर कार्य दबाव और छुट्टी व्यवस्था पर सवाल।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। एक सप्ताह से तबीयत खराब थी। इलाज कराने के लिए छुट्टी की गुहार लगा रहे थे। सोनपुर मेला ड्यूटी से नाम हटाने के लिए भी आवेदन दिया, लेकिन राहत नहीं मिली।
आखिरकार लड़ैयाटांड़ थाना में पदस्थापित नवप्रोन्नत सब इंस्पेक्टर रणधीर कुमार (45) की मंगलवार को पटना में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
उनकी मौत के बाद पत्नी के आरोपों ने पुलिसकर्मियों पर कार्य दबाव और छुट्टी की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 महीने पहले बने थे दारोगा, बीमारी में भी नहीं मिली छुट्टी
मूल रूप से पूर्णिया जिले के कल्याणपुर गांव निवासी रणधीर वर्ष 2007 में बेतिया में सिपाही के पद पर पुलिस सेवा में आए थे। 20 सितंबर 2026 को पदोन्नति मिलने पर दारोगा बने थे।
पिछले ढाई वर्षों से लड़ैयाटांड़ थाना में कार्यरत थे। पत्नी ज्योति कुमारी आजाद के अनुसार रणधीर एक सप्ताह से बीमार थे।
वह इलाज के लिए छुट्टी मांग रहे थे, इसके लिए आवेदन दिए जाने की बात पत्नी ने बताई है। साथ ही सोनपुर मेला ड्यूटी में नाम आने पर उसे हटाने के लिए भी आवेदन दिया था।
आरोप है कि खराब स्वास्थ्य की जानकारी देने के बावजूद उनकी गुहार नहीं सुनी गई। सोमवार को ड्यूटी को लेकर थानाध्यक्ष से कहासुनी भी हुई थी।
मंगलवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने थाना कर्मियों से मदद मांगी, लेकिन सहयोग नहीं मिला। बाद में मुंगेर सदर अस्पताल से पटना रेफर किया गया, जहां सुबह करीब 11 बजे उनकी मृत्यु हो गई।
आवेदन की होगी जांच
थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्कर ने विवाद की बातों से इनकार करते हुए बताया कि रणधीर कार्यालय के काम से मुंगेर गए थे, जहां अचानक तबीयत बिगड़ी।
एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि छठ तक छुट्टी बंद थी। छुट्टी के आवेदन की जांच की जाएगी। रणधीर अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में पत्नी-बच्चे को छोड़कर वैशाली में दूसरी शादी रचाने चला था युवक! भनक लगते ही थाने पहुंची महिला