विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

200 एकड़ में पंडाल, हाथी-घोड़े और चार्टर्ड प्लेन! अनंत सिंह की बेटी की शादी के बीच वायरल हुई पप्पू यादव की वेडिंग

Published: Sat, 14 Nov 2026 02:42 PM (IST)

बिहार में अनंत सिंह की बेटी की शादी के बीच पप्पू यादव और रंजीत रंजन की 1994 की भव्य शादी ...और पढ़ें

वायरल हुई पप्पू यादव की वेडिंग

वायरल हुई पप्पू यादव की वेडिंग

HighLights

  1. प्रेम कहानी 1991 में पप्पू यादव के जेल में रहने के दौरान शुरू हुई।

  2. 1994 में पूर्णिया में 200 एकड़ के विशाल पंडाल में शादी हुई।

  3. बारात में हाथी-घोड़े और दुल्हन के लिए चार्टर्ड प्लेन का इंतजाम था।

डिजिटल डेस्क, पूर्णिया। बिहार में इन दिनों मोकामा विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी की खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच, लोग राज्य के अन्य पुरानी और आलीशान शादियों के बारे में जानना चाह रहे हैं। बिहार की आलीशान शादियों की बात करें तो इनमें सबसे खास जिक्र पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और कांग्रेस नेत्री रंजीत रंजन की शादी का होता है, जिसकी भव्यता आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय है।

जेल से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

इन दोनों की लव स्टोरी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। यह किस्सा साल 1991 का है, जब पप्पू यादव पटना की बांकीपुर जेल में बंद थे। जेल परिसर के पास एक मैदान में कुछ स्थानीय लड़के खेलने आते थे, जिनमें रंजीत रंजन के छोटे भाई विक्की भी शामिल थे। वहीं पप्पू यादव और विक्की के बीच जान-पहचान और दोस्ती हुई। 

एक दिन विक्की के पारिवारिक एल्बम में पप्पू यादव ने रंजीत रंजन की टेनिस खेलते हुए एक फोटो देखी और पहली नजर में ही उन्हें पसंद करने लगे। जेल से रिहा होने के बाद वे उस टेनिस क्लब जाने लगे जहां रंजीत अभ्यास करती थी। 

शुरुआत में अलग धर्म और परिवार की नाराजगी के डर से रंजीत इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थीं, लेकिन पप्पू यादव की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार बात शादी तक पहुंच गई।

200 एकड़ में फैला था शाही पंडाल

साल 1994 में पूर्णिया में हुई यह शादी अपने विशाल स्तर के लिए जानी जाती है। इसके लिए पूर्णिया कॉलेज और एयरपोर्ट के पास की लगभग 200 एकड़ जमीन का इस्तेमाल किया गया था। पूरे शहर के मुख्य चौराहों को दुल्हन की तरह सजाया गया था।

बारात और समारोह की शान बढ़ाने के लिए गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ-साथ सैकड़ों हाथी और घोड़े भी मंगाए गए थे, जिससे पूरा माहौल किसी राजसी उत्सव जैसा लग रहा था।

चार्टर्ड प्लेन और मेहमानों के लिए खास इंतजाम

इस शादी में दुल्हन पक्ष यानी रंजीत रंजन का परिवार जालंधर से एक विशेष चार्टर्ड विमान के जरिए पूर्णिया आया था। हालांकि, रास्ते में पायलट के दिशा भटक जाने के कारण विमान तय समय से कुछ देरी से उतरा, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

देश भर से आए वीआईपी और अन्य मेहमानों को ठहराने के लिए शहर के तमाम गेस्ट हाउस पहले ही बुक कर लिए गए थे। इसके अलावा, मेहमानों की दावत के लिए बाहर से विशेष रसोइयों (शेफ) की टीम बुलाई गई थी।

यह भी पढ़ें- 10 बीघे में पंडाल, गगनचुंबी जयमाला स्टेज और शाही रथ: किसी राजघराने से कम नहीं होगी अनंत सिंह की बेटी की शादी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।