पूर्णिया के बैसा में जर्जर स्क्रू पाइल पुल पर हादसे का खतरा, 12 पंचायतों की लाइफलाइन, मरम्मत का इंतजार
पूर्णिया के बैसा में दोमुहनी स्थित जर्जर स्क्रू पाइल पुल पर बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग जान जोखिम में डालकर गुजरते हैं। यह पुल 12 पंचायतों के लिए जीवनरेखा है, और इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण न होने से संपर्क टूटने की आशंका है, जिस पर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।

बैसा प्रखंड के दोमुहनी स्थित जर्जर स्क्रू पाइल पुल और वहां से गुजरते लोग
HighLights
दोमुहनी स्क्रू पाइल पुल की स्थिति अत्यंत जर्जर।
पुल 12 पंचायतों के लिए महत्वपूर्ण जीवनरेखा।
प्रशासन से तत्काल मरम्मत और जांच की मांग।
संस, बैसा (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड के दोमुहनी स्थित स्क्रू पाइल पुल की जर्जर स्थिति से कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका गहराती जा रही है। पुल से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है, इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मजबूरीवश जान जोखिम में डालकर इसका उपयोग कर रहे हैं।
इस पुल के माध्यम से बैसा प्रखंड की लगभग 12 पंचायतों के लोग प्रखंड मुख्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए विभिन्न स्थानों पर आते-जाते हैं। पुल की खराब हालत के कारण हजारों लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा की परेशानियां बढ़ गई हैं।
भारी वाहनों पर रोक, 12 पंचायतों के संपर्क पर संकट की आशंका
पुल की जर्जर अवस्था को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल इस पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। हालांकि, पुल की समुचित मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। यदि पुल क्षतिग्रस्त होता है, तो करीब 12 पंचायतों के लोगों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो सकता है, जिससे विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और आम राहगीरों को भारी कठिनाई झेलनी पड़ेगी।
तकनीकी जांच और ठोस पहल की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से दोमुहनी स्क्रू पाइल पुल की जल्द तकनीकी जांच कराने, आवश्यक मरम्मत कार्य करने तथा स्थायी समाधान के लिए ठोस पहल करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।