UP से बिहार आकर सरकारी स्कूल की बदल दी तस्वीर; शिक्षक समीर की अंग्रेजी क्लास में बच्चों में दिखा गजब का आत्मविश्वास
English Class : रूपौली के श्रीमाता मध्य विद्यालय में शिक्षक समीर कुमार गौड़ अपनी अनूठी अंग्रेजी शिक्षण शैली से बच्चों में आत्मविश्वास जगा रहे हैं। उनकी कक्षा सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को लेकर बनी पुरानी धारणा को चुनौती देती है, यह दर्शाते हुए कि समर्पित शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे सकते हैं।

English Class : पूर्णिया के रूपौली स्थित श्रीमाता मध्य विद्यालय में शिक्षक समीर कुमार गौड़ की अनूठी अंग्रेजी क्लास
HighLights
शिक्षक समीर गौड़ की अनूठी अंग्रेजी शिक्षण शैली।
बच्चों में अंग्रेजी समझने और बोलने का आत्मविश्वास।
सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नई उम्मीद।
संवाद सूत्र, रूपौली (पूर्णिया)। English Class : ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक स्थिति चाहे जैसी भी हो, हर माता-पिता की ख्वाहिश होती है कि उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम के निजी विद्यालयों में पढ़ें। इसके लिए कई अभिभावक अपनी आर्थिक क्षमता से आगे बढ़कर कर्ज तक लेने को तैयार हो जाते हैं। इसकी एक बड़ी वजह सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई के स्तर को लेकर लोगों के मन में बनी पुरानी धारणा है। लेकिन, रूपौली प्रखंड के गोडियरपट्टी श्रीमाता पंचायत स्थित श्रीमाता मध्य विद्यालय की एक कक्षा इस धारणा को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखती है।
शिक्षक समीर कुमार गौड़ की अनूठी शैली ने चौंकाया
इस विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक समीर कुमार गौड़ इन दिनों अपनी पढ़ाने की अनूठी शैली से क्षेत्र में अलग पहचान बना रहे हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले समीर ने पिछले वर्ष ही इस विद्यालय में योगदान दिया है। दोपहर बाद का समय था। मध्याह्न भोजन के बाद भी विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह देखने लायक था।
-1795421474032.webp)
अंग्रेजी में पढ़ा रहे सुनामी का पाठ
शिक्षक समीर कक्षा में वर्ष 2004 में इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के पास समुद्र के भीतर आए भूकंप और उसके बाद उठी विनाशकारी सुनामी की लहरों के बारे में पढ़ा रहे थे। आश्चर्यजनक बात यह थी कि वे इस गंभीर भौगोलिक व ऐतिहासिक विषय को हिंदी के बजाय अंग्रेजी में समझा रहे थे और बच्चे भी उनकी बातों को बेहद सहजता से समझ रहे थे।
संवाददाता के सवालों पर बच्चों ने दिखाया गजब का आत्मविश्वास
दैनिक जागरण संवाददाता करीब 20 मिनट तक कक्षा में मौजूद रहे। इस दौरान शिक्षक का पढ़ाने का अंदाज, विषय पर उनकी गहरी पकड़ और बच्चों को समझाने का तरीका बेहद प्रभावित करने वाला था। वे केवल पाठ्यपुस्तक की पंक्तियां नहीं रटा रहे थे, बल्कि घटना के कारण, प्रभाव और उससे जुड़े तथ्यों को व्यावहारिक रूप से समझा रहे थे। कक्षा के बाद जब संवाददाता ने बच्चों से सुनामी से संबंधित कुछ सवाल पूछे, तो उन्होंने बिना किसी झिझक के बिल्कुल सटीक जवाब दिए। अंग्रेजी में पढ़ाए गए पाठ को लेकर बच्चों की समझ और आत्मविश्वास उल्लेखनीय था।
-1795421424689.webp)
सरकारी विद्यालयों में भी छिपी है बेहतर शिक्षा की संभावना
श्रीमाता मध्य विद्यालय की यह कक्षा एक बड़ा संदेश देती है। सरकारी विद्यालयों में संसाधनों को लेकर भले ही कई सवाल उठते हों, लेकिन समर्पित शिक्षक अपनी मेहनत और शिक्षण कौशल से बच्चों के भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं। शिक्षक समीर कुमार गौड़ की यह कक्षा भरोसा जगाती है कि सरकारी स्कूलों में भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अंग्रेजी में संवाद करने का आत्मविश्वास दिया जा सकता है। अब जरूरत ऐसी शिक्षण प्रतिभाओं को पहचान देने और उनकी कार्यशैली को दूसरे विद्यालयों तक पहुंचाने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।