विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रद्धांजल‍ि : जिसने सुना उसी ने जताया आश्चर्य, ऐसा कैसे हो सकता है; RSS ने अपने एक ओजस्वी स्वयंसेवक को खो दिया

Published: Sun, 22 Nov 2026 02:34 PM (GMT+05:30)

Bhagalpur RSS Swayamsevak Sanjay Bharti Death : भागलपुर के समर्पित आरएसएस स्वयंसेवक संजय भारती, जिन्हें 'छोटे गुड्डू भइया' के नाम से जाना जाता था, का निधन हो गया, जिससे संघ परिवार और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। वे शारीरिक आयामों के गुरु, कुशल आयोजक और भारतीय नववर्ष जैसे त्योहारों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कर्मयोगी थे, जिन्हें उनके ज्येष्ठ पुत्र ने मुखाग्नि दी।

Bhagalpur RSS Swayamsevak Sanjay Bharti Death :  'छोटे गुड्डू भइया'  का न‍िधन।

Bhagalpur RSS Swayamsevak Sanjay Bharti Death :  'छोटे गुड्डू भइया'  का न‍िधन।

HighLights

  1. संजय भारती भागलपुर के समर्पित आरएसएस स्वयंसेवक थे।

  2. वे शारीरिक आयामों के गुरु और कुशल आयोजक थे।

  3. उनके निधन से संघ परिवार और स्थानीय समुदाय दुखी।

डिजिटल डेस्क, भागलपुर। Bhagalpur RSS Swayamsevak Sanjay Bharti Death : "अरे यह क्या...! संजय भारती जी का निधन हो गया, यह कैसे हो सकता है? हाल ही में तो मिले थे।" 22 नवंबर की सुबह अचानक सोशल मीडिया पर यह खबर आग की तरह फैल गई। जिनका भी संजय भारती से परिचय था, सभी स्तब्ध रह गए और नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।

देखते ही देखते फोन की घंटियां घनघनाने लगीं और आसपास के लोग उनके आवास की ओर दौड़ पड़े। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि यह कब और कैसे हुआ, क्या वे बीमार थे? क्षेत्र में वे 'छोटे गुड्डू भइया' के नाम से अधिक लोकप्रिय थे, इसलिए लोग एक-दूसरे को फोन कर यही पूछते रहे कि क्या सचमुच छोटे गुड्डू भइया नहीं रहे।

शाखा के शारीरिक आयामों के गुरु और तृतीय वर्ष प्रशिक्षित स्वयंसेवक थे संजय

भागलपुर के ईश्वरनगर निवासी संजय भारती (लगभग 51 वर्ष) बाल्यकाल में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ गए थे। उन्होंने एक आदर्श मुख्य शिक्षक के रूप में लंबे समय तक शाखा का संचालन किया। कहा जाता है कि संघ की पहचान शाखा से होती है और शाखा की पहचान वहां होने वाले शारीरिक कार्यक्रमों से।

दंड, दंड युद्ध, नियुद्ध, समता, सूर्यनमस्कार, संचलन, आसन, योग और आचार पद्धति के वे बेहतरीन जानकार थे। अपनी इसी दक्षता के कारण वे स्वयंसेवकों के बीच शारीरिक आयामों के गुरु माने जाने लगे और उन्हें भागलपुर नगर का शारीरिक शिक्षण प्रमुख बनाया गया।

उन्होंने प्राथमिक वर्ग के अलावा संघ शिक्षा वर्ग के तीनों वर्षों का प्रशिक्षण पूरा किया था। तृतीय वर्ष के प्रशिक्षण के लिए वे तीस दिवसीय शिविर में नागपुर भी गए थे, जिसके बाद कई वर्गों में शिक्षक व मुख्य शिक्षक की भूमिका निभाई।

वरिष्ठ प्रचारक रामाशीष सिंह और उद्यम चंद्र शर्मा के अलावा संघचालक डॉ. लक्ष्‍मीकांत सहाय के साथ उनका बेहतर सामंजस्य रहा, वहीं सु. रामण्णा जी और शरद जी से वे काफी प्रभावित थे। अपनी ओजस्वी वाणी और सटीक उच्चारण शैली से वे शाखा लगाने व विकिर करने के दौरान सभी को मंत्रमुग्ध कर देते थे।

Bhagalpur RSS Swayamsevak Sanjay Bharti Dies Tributes Paid (1)

समाचार पत्र वितरण से जुड़े कर्मयोगी

संजय भारती एक सच्चे कर्मयोगी थे और समाचार पत्र वितरण के व्यवसाय के साथ-साथ भारतीय समाचार पत्र विक्रेता मजदूर संघ से भी जुड़े रहे। वे अद्भुत व्यवस्था कौशल के धनी थे और बड़े प्रशिक्षण वर्गों व कार्यक्रमों में व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी बखूबी निभाते थे। सामाजिक रूप से भी वे अत्यंत व्यवहार कुशल थे; स्वयंसेवकों या मोहल्ले के किसी भी घर में उत्सव होने पर वे सबसे पहले सहयोग के लिए पहुंचते थे।

भारतीय नववर्ष पर घर-घर पहुंचाते थे ध्वज

हिंदी व भारतीय नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के दौरान उनकी सक्रियता चरम पर रहती थी। भगवा ध्वज तैयार करवाना, बांस के दंड बनवाना और घर-घर ध्वज व दीपक की व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी पहचान बन गई थी। इसके अलावा शरद पूर्णिमा, गुरु पूर्णिमा, विजयादशमी, रक्षाबंधन, मकर संक्रांति और हिंदू साम्राज्य दिवस जैसे उत्सवों के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी। डॉ. हेडगेवार और श्री गुरुजी के जन्म शताब्दी वर्षों में उन्होंने गांव-गांव प्रवास कर संघ के विचारों का प्रसार किया तथा संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलनों की कमान भी संभाली।

सरसंघचालक के कार्यक्रमों में निभाई थी मुख्य शिक्षक की भूमिका

आरएसएस के पांचवें सरसंघचालक केसी सुदर्शन के भागलपुर प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में संजय भारती ने मुख्य शिक्षक के रूप में अत्यंत ओजस्वी भूमिका निभाई थी। उनकी बुलंद आवाज और आचार संहिता के शब्दों के प्रभावी उच्चारण की स्वयं सरसंघचालक केसी सुदर्शन ने भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की थी। इसके अलावा, वर्तमान सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत के भागलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में भी वे कई बार मुख्य शिक्षक का दायित्व संभाल चुके थे।

बरारी घाट पर ज्येष्ठ पुत्र ने दी मुखाग्नि

संजय भारती अपने पीछे पत्नी रिंकी देवी, पुत्र आनंद भारती व आदर्श कुमार तथा पुत्री राजनंदनी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। भागलपुर के बरारी श्मशान घाट पर बड़े पुत्र आनंद भारती ने उन्हें मुखाग्नि दी। शव यात्रा में सैकड़ों लोग शाम‍िल थे।

'बड़े गुड्डू भइया' हुए भावुक

संजय भारती के असामयिक निधन ने विभाग बौद्धिक शिक्षण प्रमुख हरविन्द नारायण भारती 'बड़े गुड्डू भइया' को गहरा आघात पहुंचाया है। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि संजय मेरे सगे भाई के समान थे और कई मौकों पर उन्होंने भाई से बढ़कर साथ दिया। नाम की समानता और एक साथ संघ कार्य व व्यवसाय करने के कारण लोग हम दोनों में फर्क नहीं कर पाते थे। आज मैंने एक अत्यंत दक्ष स्वयंसेवक खो दिया है।

वहीं, श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वयंसेवकों ने कहा कि आज हमने भगवा ध्वज के एक सच्चे वाहक को खो दिया है। आरएसएस को मजबूत करने और गुणवत्तापूर्ण शाखा संचालन में उनका अविस्मरणीय योगदान रहा है; वे हर स्वयंसेवक के सुख-दुख के सच्चे साथी थे।

जनप्रतिनिधियों ने जताया गहरा शोक

संजय भारती के निधन पर विधायक रोहित पांडेय व मुरारी पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, वार्ड पार्षद कल्‍पना देवी, उत्तर पूर्व क्षेत्र के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख राणा प्रताप, दक्षिण बिहार के प्रांत प्रचारक उमेश जी, प्रांत सह प्रचारक आशीष कुमार, प्रांत सह कार्यवाह बालमुकुंद गुप्त, भागलपुर विभाग संघचालक नरेश मोहन मिश्र, विभाग सह संघचालक डॉ. राणा प्रताप सिंह, विभाग कार्यवाह विजय कुमार मिश्र, विभाग प्रचारक सुरेन्द्र जी, आरएसएस के भागलपुर महानगर संघचालक डॉ. चंद्रशेखर साह, महानगर कार्यवाह श्रीधर मिश्र, सह कार्यवाह रवि कुमार सिन्हा, महानगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख रवि पंडित, महानगर सेवा सह प्रमुख चंद्रशेखर प्रसाद ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 

दुखी हैं संघ परिवार के कार्यकर्ता

संजय भारती के न‍िधन पर संघ पर‍िवार के कार्यकर्ता काफी दुखी हैं। ईश्वरनगर नगर संघचालक सत्यानारायण मंडल, नगर कार्यवाह राजेन्द्र वर्मा, राकेश सिन्हा, इंजीन‍ियर देवेन्‍द्र शर्मा, अभय वर्मन, न‍िरंजन साह, व‍िजय साह, राजक‍िशोर स‍िंंह, त्रिपुरारी तिवारी, अव‍िनाश श्रीवास्‍तव, सरोज वर्मा, बरारी नगर कार्यवाह राजीव सिंह, योगी राजीव मिश्रा, रविन्द्र, सुमित आनंद, गोपी कृष्‍ण वर्मा, चाणक्य, दीपक साह, राकेश, सुमन, चंदन, प्यारे हिंद, सुनील जी, प्रदीप, मनोहर, सनोज, व‍िनोद, अमित पांडेय, सूर्य नारायण भारती, दीनदयाल भारती और दिलीप शास्त्री सहित अनेक गणमान्य लोगों कहा- हम सबने एक अच्‍छे स्‍वयंसेवक को खो द‍िया। 

यह भी पढ़ें- भागलपुर : नहीं रहे दीपक दा, RSS, BJP सहित कई संगठनों से जुड़े थे, वार्ड पार्षद भी रहे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।