'मां ने फोन नहीं दिया तो घर से भागी थी': पूर्णिया के रेड लाइट एरिया पहुंचीं अरुणाचल प्रदेश की दो लड़कियां, दलाल गिरफ्तार
Purnia Police Rescues Arunachal Minor Girl Harda Red Light Area: पूर्णिया पुलिस ने मानव तस्करी और बाल यौन शोषण के ...और पढ़ें

Purnia Police Rescues Arunachal Minor Girl Harda Red Light Area: लड़की पुलिस के साथ।
HighLights
नाबालिग किशोरी को कराया रेस्क्यू
दो महिलाओं सहित छह गिरफ्तार
देह व्यापार का भंडाफोड़ हुआ
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। Purnia Police Rescues Arunachal Minor Girl Harda Red Light Area: सीमांचल में सक्रिय मानव तस्करी और बाल यौन शोषण के अंतरराज्यीय सिंडिकेट के खिलाफ पूर्णिया पुलिस ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीम ने मरंगा थाना क्षेत्र के कुख्यात हरदा बाजार स्थित रेड लाइट एरिया और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग किशोरी को बंधक मुक्त कराते हुए सुरक्षित रेस्क्यू किया है।
इस घिनौने कृत्य में संलिप्त दो महिलाओं समेत कुल छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शिवानी श्रेष्ठ के नेतृत्व में यह विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
इस संयुक्त टीम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), महिला थानाध्यक्ष राजनंदनी, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष तथा भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था। इसके अतिरिक्त गैर-सरकारी संगठन 'एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन' तथा 'जनमन पीपल फाउंडेशन' के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
हरदा रेड लाइट एरिया में पहली दबिश, मिला नाबालिग का सुराग
अभियान के पहले चरण में पुलिस टीम ने मरंगा थाना अंतर्गत हरदा बाजार रेड लाइट एरिया में दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान तीन पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए। पुलिस ने मौके से इस्तेमाल किए गए कंडोम के पैकेट समेत कई अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त कीं।
हिरासत में लिए गए लोगों से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग किशोरी को खरीद-फरोख्त कर यहां लाया गया था और उसे जबरन देह व्यापार के दलदल में झोंकने के बाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित एक अन्य सुरक्षित ठिकाने पर छिपाकर रखा गया है।
सिलीगुड़ी स्टेशन से पार्लर में काम का दिया था झांसा
पुलिस जांच में पीड़िता के बारे में यह तथ्य सामने आया कि नाबालिग मोबाइल फोन नहीं मिलने के कारण अपनी मां से नाराज होकर घर से निकल आई थी और भटकते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी। सिलीगुड़ी स्टेशन पर तस्कर गिरोह की एक महिला ने उसे अकेले पाकर अपने जाल में फंसा लिया और ब्यूटी पार्लर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पूर्णिया ले आई।
आरोप है कि पूर्णिया लाने के बाद किशोरी को अन्य स्थानीय दलालों के हाथों बेच दिया गया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा।
मुफस्सिल में घेराबंदी, बाइक से भाग रहे महिला-पुरुष दबोचे गए
हरदा से मिले इनपुट के तुरंत बाद डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ के नेतृत्व में टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिन्हित ठिकाने पर दूसरी छापेमारी की। पुलिस की अचानक घेराबंदी देखकर वहां हड़कंप मच गया और कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की। जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से भाग रहे एक पुरुष और एक महिला को खदेड़कर दबोच लिया।
इसी ठिकाने से अरुणाचल प्रदेश की नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपलब्ध फोटो और नाम-पते का मिलान कर पीड़िता की पहचान की आधिकारिक पुष्टि की।
एफएसएल जुटा रही साक्ष्य, सभी छह आरोपी भेजे गए जेल
रेस्क्यू की गई नाबालिग को तत्काल मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। मामले में पकड़े गए सभी छह आरोपियों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में पुख्ता वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया है।
अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और बाल शोषण के इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य दलालों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में जुए के अड्डे पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, बबरगंज थानाध्यक्ष जख्मी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।