विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में फर्जी शिक्षकों की खैर नहीं; नौकरी जाएगी और दर्ज होगी FIR, 2006 से अब तक की खुलेंगी सभी फाइल 

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:24 PM (IST)

शिक्षा विभाग ने बिहार के सरकारी विद्यालयों में फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी कर रहे शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की है। 

बिहार के शिक्षा विभाग ने फर्जी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है। सांकेतिक तस्वीर

बिहार के शिक्षा विभाग ने फर्जी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की है। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी कर रहे शिक्षकों पर कार्रवाई।

  2. सेवा समाप्ति के साथ दर्ज होगी प्राथमिकी, सख्त निर्देश।

  3. 2006-2021 नियोजन, बीपीएससी शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच।

जागरण संवाददाता, धमदाहा (पूर्णिया)। बिहार समेत पुर्णिया के सरकारी विद्यालयों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी कर रहे शिक्षकों पर अब शिक्षा विभाग ने शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।

फर्जी प्रमाण पत्र, गलत तरीके से नियुक्ति और दूसरे व्यक्ति के स्थान पर नौकरी करने जैसे मामलों में अब न केवल संबंधित शिक्षकों की सेवा समाप्त की जाएगी, बल्कि प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित होने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी।

इसको लेकर शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किया हैं।

शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पाण्डेय ने 21 नवंबर 2026 को पत्रांक 252 के माध्यम से सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि माननीय उच्चतम न्यायालय और पटना उच्च न्यायालय के विभिन्न आदेशों के आलोक में फर्जी शिक्षकों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।

साथ ही जांच की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

चार श्रेणियों में बांटे गए फर्जी शिक्षकों के मामले

विभाग ने जांच और कार्रवाई को व्यवस्थित बनाने के लिए फर्जी शिक्षकों से जुड़े मामलों को चार श्रेणियों में विभाजित किया है। इसमें पहली श्रेणी मिथ्या नियुक्ति की है, जिसमें गलत तथ्यों या दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने वाले शिक्षक शामिल होंगे।

दूसरी श्रेणी प्रतिरूपण की है, जिसमें किसी दूसरे व्यक्ति के स्थान पर नौकरी करने का मामला आएगा। तीसरी श्रेणी में अमान्य संस्थान से प्राप्त प्रमाण पत्र या कूट रचित प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने वाले शिक्षक शामिल होंगे।

वहीं चौथी श्रेणी में मान्य संस्थान के नाम पर फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर नियुक्ति प्राप्त करने वाले मामलों को रखा गया है। इन सभी श्रेणियों के मामलों की अलग-अलग जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

योग्यता नहीं मिलने पर समाप्त होगी सेवा, FIR भी होगी

शिक्षा विभाग ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि नियुक्ति की अर्हक तिथि पर संबंधित शिक्षक के पास निर्धारित अनिवार्य शैक्षणिक एवं अन्य योग्यताएं नहीं होने की पुष्टि होती है, तो सक्षम प्राधिकार द्वारा नियमानुसार उनकी सेवा समाप्त की जाएगी।

वहीं, कूट रचित प्रमाण पत्र को वास्तविक बताकर नौकरी प्राप्त करने, मिथ्या नियुक्ति और प्रतिरूपण के मामले प्रथम दृष्टया प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध बिना देरी किए प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

2006 से 2021 तक के नियोजन की भी होगी समीक्षा

विभागीय पत्र में वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के माध्यम से हुए शिक्षक नियोजन का भी उल्लेख किया गया है।

इस अवधि में नियुक्त शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की निगरानी जांच के दौरान कई मामले फर्जी पाए गए थे। इसके बावजूद कुछ मामलों में संबंधित नियोजन इकाइयों द्वारा सेवा समाप्ति का अंतिम निर्णय अब तक लंबित है।

ऐसी स्थिति में संबंधित शिक्षक सेवा में बने रहने और वेतन भुगतान का दावा कर रहे हैं। विभाग ने ऐसे लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन करने की आवश्यकता जताई है।

बीपीएससी से नियुक्त शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच भी लंबित

पुराने नियोजन के मामलों के साथ-साथ बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियुक्त प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक और शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच को भी विभाग ने प्राथमिकता में रखा है। इन नियुक्तियों से जुड़े प्रमाण पत्रों का सत्यापन बड़ी संख्या में लंबित है।

विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को संलग्न चेकलिस्ट के अनुसार स्वतंत्र सत्यापन सुनिश्चित करने और जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है।

डीएम व डीडीसी को भी भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि

शिक्षा विभाग ने जारी आदेश के अनुपालन और आवश्यक कार्रवाई के लिए इसकी प्रतिलिपि राज्य के सभी जिलाधिकारियों, उप विकास आयुक्तों, नगर आयुक्तों और क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों को भी भेजी है।

विभाग के इस निर्देश के बाद अब जिलास्तर पर फर्जी प्रमाण पत्रों और गलत तरीके से नियुक्ति के मामलों की जांच में तेजी आने की उम्मीद है। लंबे समय से लंबित मामलों में भी कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है।

यह भी पढ़ें- दुबई अमेरिका तक मखाना की धूम से बदली तस्वीर, मिथिलांचल में इसकी खेती की ओर बढ़े किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।