विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निकाह पर विवादित बयान देकर घिरे AIMIM विधायक, बिहार के नेताओं और महिलाओं ने जताया कड़ा विरोध

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:16 PM (IST)

AIMIM विधायक अख्तरुल इमान के निकाह संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं, जिसमें उन्होंने महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। 

अख्तरुल इमाम। फाइल फोटो

अख्तरुल इमाम। फाइल फोटो

HighLights

  1. अख्तरुल इमान के निकाह बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं।

  2. महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल अस्वीकार्य।

  3. विपक्षी नेताओं ने विधायक से माफी की मांग की।

जागरण टीम, पूर्णिया। मुस्लिम समाज में निकाह और इससे जुड़ी परंपराओं पर AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष व अमौर विधायक अख्तरुल इमान के बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

विभिन्न दलों के नेताओं, समाजसेवियों और अन्य लोगों ने इसे महिलाओं का अपमान बताया और इस्तेमाल किए गए शब्दों को अस्वीकार्य कहा।

पूर्व मंत्री और बायसी के पूर्व विधायक हाजी अब्दुस सुबहान ने कहा कि विधायक का बयान पूरे समाज के लिए नागवार है। उनके मुताबिक, ‘वेश्या’ और ‘सुअर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल मानसिक दिवालियेपन का प्रतीक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विकास के मुद्दों पर विफल होने के बाद मुफ्ती बनकर समाज की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। सुबहान ने यह भी कहा कि उनके निकट संबंधी की शादी लंदन में हुई, तब उन्हें ऐसी नसीहत याद नहीं रही।

बायसी की कनीज फातिमा ने कहा कि महिलाओं के लिए ऐसे अपमानजनक शब्द बर्दाश्त नहीं किए जा सकते। उन्होंने कहा कि असहमति जताते हुए भी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने कहा कि शादियों में फिजूलखर्ची, दिखावे और बेपर्दगी के खिलाफ नसीहत देते हुए ‘वेश्या’, ‘सुअर’ और ‘डाकू’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने अख्तरुल इमान से माफी मांगने की मांग की। आलम ने कहा कि सामाजिक बुराइयों में सुधार की जरूरत है, लेकिन विधायक का तरीका गलत है।

पूर्व प्रमुख और पंचायत समिति सदस्य मु. प्रवेज आलम ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को सामाजिक संवेदनशीलता और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।

शादी जैसे पारिवारिक विषय पर उनके बयान का समाज पर असर पड़ता है, इसलिए टिप्पणी सोच-समझकर करनी चाहिए।

पूर्व जिला परिषद सदस्य मु. शमशाद आलम ने कहा कि सामाजिक विषयों पर बोलते समय सभी वर्गों की भावनाओं का ध्यान रखना जरूरी है।

लोगों ने विधायक से बयान के संदर्भ में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। किशनगंज सांसद के बायसी प्रतिनिधि मु. शादाब ने भी उनके शब्दों को समाज का अपमान बताया।

महिलाओं का सम्मान नहीं करने वाले को नेता बनने का अधिकार नहीं : अनिल ठाकुर

भाजपा के एमएलसी अनिल ठाकुर ने कहा कि महिलाओं और बेटियों का सम्मान नहीं करने वाले व्यक्ति को नेता बनने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन के नेताओं को भाषा की मर्यादा रखनी चाहिए।

शादी-विवाह जैसे सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में महिलाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी अनुचित है। ठाकुर के मुताबिक, महिलाओं का सम्मान भारतीय समाज की संस्कृति और संस्कार का हिस्सा है।

राजनीति में आलोचना और विरोध की जगह है, लेकिन महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

यह भी पढ़ें- देवबंदी-बरेलवी में सुलह, अख्तरुल का दावा- दोनों मसलकों में भाईचारे का माहौल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।