विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवबंदी-बरेलवी में सुलह, अख्तरुल का दावा- दोनों मसलकों में भाईचारे का माहौल

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:37 AM (GMT+05:30)

किशनगंज के अर्राबाड़ी निकाह प्रकरण के बाद देवबंदी और बरेलवी मसलक के बीच शुरू हुए विवाद को सुलझाने के प्रयास तेज हो गए हैं। 

किशनगंज में भाईचारे की अपील करते मौलाना मुफ्ती अजहर और अन्य। (जागरण)

किशनगंज में भाईचारे की अपील करते मौलाना मुफ्ती अजहर और अन्य। (जागरण)

HighLights

  1. अर्राबाड़ी निकाह प्रकरण के बाद विवाद सुलझाने की पहल तेज।

  2. एआईएमआईएम अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने सुलह का दावा किया।

  3. दोनों मसलकों के उलेमा अब आपस में बैठकर समाधान निकालेंगे।

संवाद सहयोगी, किशनगंज। अर्राबाड़ी निकाह प्रकरण के बाद देवबंदी और बरेलवी मसलक के बीच शुरू हुई बहस को विराम देने के लिए अब सुलह की पहल तेज हो गई है।

सीमांचल में आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रखने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उलेमाओं ने दोनों मसलकों के धर्मगुरुओं को एक मंच पर लाने की कोशिश शुरू की है।

इस बीच एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने दावा किया है कि दोनों मसलकों के बड़े उलेमाओं से बातचीत हो चुकी है और मामला सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि 22 नवंबर को प्रस्तावित बैठक भी टल गई है। अब दोनों पक्षों के उलेमा आपस में बैठकर मामले का समाधान करेंगे।

शनिवार को शहर के उत्तर पल्ली स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजद नेता सह पूर्व प्रमुख मुस्ताक आलम, डॉ. नूर आलम और मौलाना मुफ्ती अतहर ने भी सुलह की पहल की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि सीमांचल में मसलकी मतभेद को लेकर बन रहा माहौल चिंताजनक है। धार्मिक और वैचारिक मतभेद के कारण समाज में तनाव और आपसी दूरियां बढ़ना किसी के हित में नहीं है।

विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय बातचीत से समाधान निकालने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि देवबंदी और बरेलवी दोनों मसलकों के बड़े उलेमाओं से संपर्क कर उन्हें एक मंच पर बैठकर बातचीत करने और समाज को सकारात्मक संदेश देने की अपील की गई है। वक्ताओं ने आम लोगों से भी अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान ने कहा कि यह कोई बड़ा मसला नहीं है। दोनों मसलकों के बीच हमेशा से भाईचारे का माहौल रहा है और दोनों पक्षों के बीच हजारों शादियां हुई हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों मसलकों के बड़े आलिमों से उनकी बातचीत हो चुकी है और मामला सुलझ गया है। 22 नवंबर को होने वाली बैठक भी अब टल गई है। दोनों पक्षों के उलेमा आपस में बैठकर बातचीत के माध्यम से समाधान निकाल लेंगे।

वीडियो हो रहा वायरल

इधर, इंटरनेट मीडिया पर एक निकाह का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। इसे मौजूदा विवाद के बाद का बताया जा रहा है। वीडियो में देवबंदी और बरेलवी मसलक के युवक-युवती का निकाह होता दिख रहा है। इसमें बरेलवी मौलाना द्वारा निकाह पढ़ाए जाने की बात भी कही जा रही है।

गौरतलब हो कि किशनगंज के अर्राबाड़ी में निकाह की मजलिस के दौरान एक बरेलवी मौलाना पर आरोप लगा था कि उन्होंने लड़की के सामने देवबंदी मसलक से तौबा करने और कुछ उलेमाओं को कथित तौर पर काफिर कहने की शर्त रखी थी।

लड़की ने इन शर्तों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद निकाह नहीं हो सका। घटना के बाद दोनों मसलकों के बीच धार्मिक और वैचारिक मतभेद को लेकर बहस तेज हो गई थी। इंटरनेट मीडिया पर भी इस मामले को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।

अब सुलह की पहल के बीच उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के धर्मगुरु आपसी बातचीत से विवाद को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे भड़काऊ टिप्पणियों, अफवाहों और अनावश्यक बहस से बचें। सीमांचल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक भाईचारे को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें- बरेलवी दूल्हा और देवबंदी दुल्हन का निकाह रुकने से किशनगंज में गरमाया माहौल, उलेमाओं ने दी खुली बहस की चुनौती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।